दिल्ली सरकार, एमसीडी महापौर और प्रशासन की बेरुखी पर भड़के एंटी मलेरिया कर्मचारी

दिल्ली सरकार, एमसीडी महापौर और प्रशासन की बेरुखी पर भड़के एंटी मलेरिया कर्मचारी

#19वें दिन भी जारी हड़ताल, महासचिव ने काली पट्टी बांधकर जताया विरोध


नई दिल्ली, 17 अक्टूबर 2025

दिल्ली नगर निगम के अंतर्गत कार्यरत एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन की हड़ताल शुक्रवार को 19वें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने दिल्ली सरकार, निगम महापौर और निगम प्रशासन की बेरुखी और उदासीन रवैये के खिलाफ सिविक सेंटर (निगम मुख्यालय) पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।यूनियन के महासचिव देवानंद शर्मा ने भावनात्मक शब्दों में कहा कि “निगम के अधिकारियों की संवेदनहीनता इस हद तक पहुँच चुकी है कि आज हम कर्मचारियों के बच्चे दीपावली जैसे बड़े पर्व पर नए कपड़े और भोजन तक से वंचित हैं। जब अपने ही घर में उजाला न हो, तो नगर को रोशनी देने की बात कैसी?” उन्होंने कहा कि निगम ने अब तक न तो कर्मचारियों की मांगों पर कोई ठोस निर्णय लिया है और न ही वार्ता के लिए पहल की है। हमारे धैर्य की परीक्षा ली जा रही है। 

शर्मा ने कहा कि इसी के विरोध में आज हमने काली पट्टी बांधकर और कपड़े उतारकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया है, ताकि शासन को हमारी पीड़ा का एहसास हो सके। हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि वे दिल्ली में जनस्वास्थ्य और मलेरिया नियंत्रण की रीढ़ हैं, परंतु उन्हें वर्षों से अस्थायी दर्जे में रखकर शोषण किया जा रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन और उग्र रूप लेगा।


इस प्रदर्शन के चलते सिविक सेंटर के बाहर माहौल भावनात्मक और तनावपूर्ण दोनों नजर आया। आमजन का भी कहना था कि दिवाली जैसे त्यौहार पर जब कर्मचारी अपने परिवार की बुनियादी जरूरतें पूरी न कर पा रहे हों, तो यह सरकार और निगम दोनों के लिए आत्ममंथन 

का विषय है।


Comments