दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय और दिल्ली सचिवालय तक पैदल यात्रा करेंगे MCD के MTS कर्मचारी
#न्याय की उम्मीद में बैठे कर्मचारी: निगम मुख्यालय पर आठवें दिन भी जारी हड़ताल
# जल्द नहीं हुआ समाधान तो दिल्ली सचिवालय तक करेंगे पैदल यात्रा
नई दिल्ली, 6 अक्टूबर 2025
दिल्ली नगर निगम के जन स्वास्थ्य विभाग के DBC/CFW (एमटीएस) कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार आठवें दिन यानी 6 अक्टूबर 2025 को भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं। निगम मुख्यालय के बाहर कर्मचारी दिन-रात धरने पर बैठे हैं, बावजूद इसके कि उनके घरों के चूल्हे ठंडे पड़ रहे हैं और बच्चों को दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है।यूनियन का कहना है कि अगर प्रशासन ने अब भी कर्मचारियों की आवाज़ नहीं सुनी, तो दिल्ली की सड़कों पर न्याय यात्रा निकलेगी, और उसकी गूंज पूरे शहर में सुनाई देगी।
कर्मचारियों का कहना है कि लगातार कई दौर की बैठकों के बावजूद भी प्रशासनिक स्तर पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। यही कारण है कि कर्मचारियों ने ऐलान किया है कि जब तक उनकी जायज मांगें नहीं मानी जातीं, वे पीछे नहीं हटेंगे।
यूनियन पदाधिकारियों मदनपाल, देवानंद शर्मा, रामपाल आदि ने साफ कहा है— “जब तक न्याय नहीं मिलेगा, हड़ताल जारी रहेगी।”
एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन (रजि०) की बैठक में यह फैसला लिया गया कि यदि अगले दो दिनों में निगम प्रशासन ने ठोस निर्णय नहीं लिया, तो करीब 5,000 कर्मचारी अपने परिवार सहित दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय और दिल्ली सचिवालय तक पैदल यात्रा करेंगे।
इस यात्रा के दौरान वे मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा से सीधे मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाएंगे। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले कई वर्षों से अपने नियमितीकरण, समान वेतन और नौकरी की सुरक्षा जैसी मांगों को लेकर प्रशासन के दरवाजे खटखटा रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।
धरना स्थल पर मौजूद एक कर्मचारी ने कहा कि “हम निगम का काम ईमानदारी से करते हैं, लेकिन हमारी सुनवाई कोई नहीं करता। अब हमारे बच्चों का भविष्य दांव पर है, इसलिए यह लड़ाई अब सम्मान और अस्तित्व की बन गई है।” धरने की बढ़ती अवधि से न केवल जन स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है, बल्कि मलेरिया और डेंगू नियंत्रण कार्य भी प्रभावित हो रहा है। बावजूद इसके, कर्मचारी न्याय की उम्मीद में निगम मुख्यालय पर डटे हुए हैं।
Comments
Post a Comment