
- वाटर कैनन की तेज बौछारों से प्रदेश अध्यक्ष सहित कई घायल
- लोकसभा चुनाव प्रभारी ओपी धनखड़ ने अस्पताल जाकर जाना सचदेवा का हाल चाल
नई दिल्ली, 10 अप्रैल 2024
दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को आम आदमी पार्टी कार्यालय पर विराट प्रदर्शन कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग की। कार्यकर्ता आईटीओ के नजदीक आंध्रा स्कूल पर एकत्र हुए और वहां से पुलिस बैरिकेड्स तोड़ कर आम आदमी पार्टी कार्यालय की ओर बढ़े तो पुलिस ने भारी बल से प्रदर्शनकारियों को रोक कर वाटर कैनन से पानी की तेज बौछार की, इस दौरान वीरेन्द्र सचदेवा सहित कई कार्यकर्ता घायल हुए। सचदेवा को डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में ले जा कर भर्ती कराया गया है। नवीन शहादरा जिले के युवा मोर्चा अध्यक्ष राहुल पंडित भी प्रदर्शन में गंभीर रुप से घायल हुए और उनके पैर में फ्रैक्चर हुआ है। वहीं, पार्टी कार्यकर्ताओं ने बाल भवन मोड़ पर भ्रष्टाचार की प्रतिक अरविंद केजरीवाल सरकार का पुतला जलाया।
आंध्रा स्कूल के पास बने मंच से प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह द्वारा संचालित प्रदर्शन को विधानसभा में नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, सांसद डॉ. हर्षवर्धन, राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इलमी एवं सरदार आर.पी. सिंह, विधायक अजय महावर, विजेन्द्र गुप्ता, प्रदेश मोर्चा अध्यक्ष विनोद सहरावत, निगम में नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह, निगम पार्षद संदीप कपूर, आदि ने भी सम्मलित होकर सम्बोधित किया। वहीं, दिल्ली भाजपा के लोकसभा चुनाव प्रभारी ओपी धनखड़ ने आरएमएल अस्पताल में प्रदेश अध्यक्ष सचदेवा से भेंट कर उनका हाल-चाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि केजरीवाल के भ्रष्टाचार के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी। यहां प्रदर्शन में नेता विपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन, भाजपा नेता शाजिया इल्मी आदि ने भी प्रदर्शन को सम्बोधित किया।
सचदेवा ने कहा दिल्ली उच्च न्यायालय के मंगलवार के निर्णय के बाद अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बने रहने का कोई नैतिक और कानूनी अधिकार भी नहीं बचा है और केजरीवाल से अविलंब इस्तीफा की मांग की। उन्होंने कहा कि कोर्ट के फैसले पर सवाल उठाने वाले अरविंद केजरीवाल कहा करते थे कि अगर पार्टी का कोई भी पदाधिकारी आरोपों में पकड़े जाए तो उसका सबसे पहले इस्तीफा लेना फिर आगे की कार्रवाई होगी। दिल्ली की जनता हर घोटाले का हिसाब मांग रही है।
Comments
Post a Comment