पांच लाख से अधिक घरों में कीटनाशकों का छिड़काव और फॉगिंग की गई : महापौर

 


- महापौर ने उच्च स्तरीय बैठक की समीक्षा की

 

नई दिल्ली


दिल्ली नगर निगम ने मच्छर जनित बीमारियों के प्रसार को रोकने और नियंत्रित करने के प्रयासों को तेज कर दिया है और इसी को लेकर पांच लाख से अधिक घरों में कीटनाशकों का छिड़काव और फॉगिंग की गई है। दिल्ली की महापौर डॉ. शैली ओबरॉय ने बुधवार को मच्छर जनित बीमारियों से निपटने के लिए दिल्ली नगर निगम द्वारा किए जा रहे कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक के बाद यह जानकारी दी। इस बैठक के दौरान अपर आयुक्त, नगर स्वास्थ्य अधिकारी और सभी 12 जोन के उप स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने महापौर को मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों का विस्तृत ब्यौरा दिया। महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम के सतर्क एवं सतत प्रयासों के कारण इस वर्ष 01 जनवरी से 14 सितम्बर 2024 तक डेंगू के कुल 917 मामले दर्ज किए गए हैं, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में 2264 मामले दर्ज किए गए थे। इस वर्ष 01 जनवरी 2024 से 14 सितम्बर 2024 तक डेंगू जांच की पॉजिटिविटी दर 18 प्रतिशत है, जबकि गत वर्ष इसी अवधि में पॉजिटिविटी दर 56 प्रतिशत थी।

Comments