केजरीवाल की राह पर चली दिल्ली नगर निगम, आप शासित निगम का मकसद दिल्ली सरकार की तरह शिक्षकों को परेशान करना : सरदार राजा इकबाल सिंह

केजरीवाल की राह पर चली दिल्ली नगर निगम, आप शासित निगम का मकसद दिल्ली सरकार की तरह शिक्षकों को परेशान करना :  सरदार राजा इकबाल सिंह

- शिक्षकों के ट्रांसफर में अड़ंगे लगाकर निगम की आम आदमी पार्टी सरकार ने अपना कर्मचारी विरोधी चेहरा उजागर किया : सरदार राजा इकबाल सिंह
- ट्रांसफर प्रक्रिया में हस्तक्षेप करना वर्षों से ट्रांसफर की बात जोह रहे शिक्षकों के साथ निगम की आप सरकार का धोखा
- कई वर्षों से फैक्ट्री लाइसेंसिंग विभाग में कुंडली मारे बैठे अधिकारियों के कारण दिल्ली के फैक्ट्री मालिक परेशान, निगम की आप सरकार आंखों पर पट्टी बांधे बैठी

Mcd Live News नई दिल्ली 


दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली की मेयर एवं निगम की आम आदमी सरकार द्वारा निगम शिक्षकों की ट्रांसफर प्रक्रिया में हस्तक्षेप करने के मुद्दे पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि वर्षों से ट्रांसफर की बाट जोह रहे शिक्षकों के साथ यह आम आदमी पार्टी का विश्वासघात है। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि अपने घर से कई कई किलोमीटर दूर नौकरी कर रहे एवं पारिवारिक कारणों से ट्रांसफर के इच्छुक शिक्षकों के साथ यह धोखा है।

सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि निगम की आम आदमी पार्टी सरकार शिक्षकों का हितैषी होने का दावा करने वाले अपने पिछलग्गू से पारदर्शी ट्रांसफर व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगवाते हैं ताकि शिक्षकों के ट्रांसफर में निगम की आप पार्टी की सरकार भ्रष्टाचार कर सके। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि शिक्षकों को भी ऐसे लोगों की पहचान कर उनसे दूरी बनाने की आवश्यकता है।

सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली नगर निगम की आम आदमी पार्टी सरकार केजरीवाल की दिल्ली सरकार की राह पर चल पड़ी है जहां ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर शिक्षकों का शोषण किया जाता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार की तर्ज पर ही निगम शिक्षकों को परेशान किया जा रहा है जोकि सरासर गलत है।सरदार राजा इकबाल सिंह ने दिल्ली नगर निगम के फैक्ट्री लाइसेंसिंग विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार एवं वहां काफी समय से कुंडली मारे बैठे अधिकारियों के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि निगम की आप सरकार इन अधिकारियों के साथ सेटिंग कर भ्रष्टाचार में लिप्त है जिसका खामियाजा दिल्ली के छोटे छोटे फैक्ट्री मालिकों को उठाना पड़ रहा है। 

सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि अभी हाल ही में दिल्ली में फैक्ट्री चलाने वाले लोगों का एक प्रतिनिधि मंडल मुझसे मिला था जिसने निगम के फैक्ट्री लाइसेंसिंग विभाग की करतूतों के बारे में बताया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि निगम के फैक्ट्री लाइसेंसिंग विभाग के शोषण से तंग आकर हमे पड़ोसी राज्यों में अपनी फैक्ट्री लगानी पड़ेंगी। सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि मैं दिल्ली की मेयर से पूछना चाहता हूं कि क्या यही आपका भ्रष्टाचार विरोधी मॉडल है जिस के सपने दिखा कर आप दिल्ली की सत्ता पर काबिज हुए थे।

Comments