हमारा घोषणा पत्र सभी वर्गों से जुड़ा होगा: भाजपा

हमारा घोषणा पत्र सभी वर्गों से जुड़ा होगा: भाजपा 

- भाजपा की घोषणा पत्र एवं आरोप पत्र समितियों की बैठकें सम्पन्न

Mcd Live News नई दिल्ली

दिल्ली के लोग आज बहुत उम्मीद से भाजपा की ओर देख रहे हैं और हमारा घोषणा पत्र सभी वर्गों से जुड़ा होगा और हम शीघ्र अपनी विस्तृत घोषणा पत्र निर्माण योजना एक प्रेस वार्ता में घोषित करेंगे। दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़ी दिल्ली भाजपा की घोषणा पत्र समिति की पहली बैठक के बाद इसके संयोजक सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सोमवार को यह जानकारी दी। प्रदेश भाजपा से मिली जानकारी के अनुसार यह बैठक संयोजक सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के निवास पर सम्पन्न हुई जिसमें राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने अपना मार्गदर्शन एवं विभिन्न प्रभार राज्यों का घोषणा पत्र अनुभव सांझा किया। तीन घंटे से अधिक चली बैठक में घोषणा पत्र समिति सदस्यों डॉ. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सरदार अरविंदर सिंह लवली, सतीश उपाध्याय, मीनाक्षी लेखी, प्रवेश साहिब सिंह, अजय महावर, प्रवीण शंकर कपूर, राजकुमार फुलवारिया, नीतू डबास एवं अभिषेक टंडन ने समाज के विभिन्न वर्गों से जुड़े मुद्दे रखे और सभी ने उन पर चर्चा कर मुद्दों की संक्षेप में सूचिबद्ध करने का कार्य शुरू किया।
             
रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा है कि दिल्ली भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर नियमित हमले करने के लिए विधानसभा में नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता के संयोजन में समिति गठित की है जिसकी भी आज प्रथम बैठक हुई जिसमें दिल्ली भाजपा के विधानसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत पांडा ने समिति के लिए दिशानिर्देश सभी उपस्थित सदस्यों को समझाये। बैठक में दिल्ली विधानसभा चुनाव संचालन समिति संयोजक हर्ष मल्होत्रा, सह संयोजक दुष्यंत गौतम, राष्ट्रीय मंत्री मनजिन्द्र सिंह सिरसा, पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी, प्रदेश मंत्री हरिश खुराना और अन्य सदस्य सम्मिलित हुए।

Comments