विकसित दिल्ली बजट से खीर की मिठास जैसा होगा दिल्ली का विकास -सीएम रेखा गुप्ता

विकसित दिल्ली बजट से खीर की मिठास जैसा होगा दिल्ली का विकास -सीएम रेखा गुप्ता 
- खीर समारोह के साथ हुआ विकसित दिल्ली बजट 2025 सत्र का शुभारंभ
-खीर समारोह में सभी वर्गों के लोगो को आमंत्रित किया गया 
-विकसित दिल्ली बजट दिल्ली के सुनहरे भविष्य की आधारशिला होगी - सीएम रेखा गुप्ता 
-विकसित दिल्ली बजट के माध्यम से केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर हर उस पक्ष पर कार्य करेगी, जो जनता की जरूरतों और समस्याओं से जुड़ा है -सीएम रेखा गुप्ता 

नई दिल्ली, 24 मार्च 2025 ; MCD LIVE NEWS

विकसित दिल्ली बजट 2025 सत्र की शुरुआत आज दिल्ली विधानसभा परिसर में 'खीर समारोह' के साथ हुई। विधानसभा परिसर में सीएम रेखा गुप्ता द्वारा बाबा साहेब डॉक्टर भीम राव अम्बेडकर जी की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद खीर समारोह की शुरुआत हुई। दिल्ली सरकार की यह अनूठी पहल दिल्ली के इतिहास में पहली बार आयोजित की गई है | सीएम रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर बताया कि यह आयोजन हमारी भारतीय परंपरा में समृद्धि और शुभता के प्रतीक है , जो सरकार की जन-हितैषी और विकासोन्मुखी दृष्टि को दर्शाती है। इस अवसर पर दिल्ली सरकार के सभी कैबिनेट मंत्री , दिल्ली के विधायक ,सम्बंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और विकसित दिल्ली बजट जनसंवाद से जुड़े सभी वर्गों के लोग मौजूद रहे। 


इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में  27 साल बाद हमारी सरकार 'विकसित दिल्ली बजट' प्रस्तुत करेगी। यह ठीक वैसा ही क्षण है जैसे भगवान राम 14 वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे। हमारी सरकार का यह 27 वर्षों का वनवास समाप्त हुआ है, और यह बजट दिल्ली के विकास की नई कहानी लिखने का माध्यम बनेगा। श्रीमती रेखा गुप्ता ने कहा कि आज प्रभु राम को यह खीर का भोग लगाकर हम विकसित दिल्ली बजट की शुरुआत करने जा रहे है। विकसित दिल्ली बजट से खीर की मिठास जैसा होगा दिल्ली का विकास। पहली बार दिल्ली के इतिहास में 'खीर समारोह' के माध्यम से सभी वर्गों के लोगों को एक मंच पर जोड़ा गया है। यह बजट उन सभी के सुझावों और आशाओं का प्रतीक होगा जो दिल्ली के विकास से जुड़े हैं। इस बजट को तैयार करने के लिए हमारी सरकार ने महिलाओं, शिक्षाविदों, व्यापारियों, औद्योगिक संगठनों, किसानों, विधायकों, सांसदों, युवाओं, डॉक्टरों, सीए, नगर निगम पार्षदों, झुग्गी निवासियों और इन्फ्लुएंसर्स सहित हर वर्ग के साथ संवाद किया है। इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने विकसित दिल्ली बजट जनसंवाद से जुड़े सभी वर्गों के लोगो को खीर खिलाई और कहा कि विकसित दिल्ली बजट से दिल्ली विकास का मीठा स्वाद चखेगी। 

उन्होंने आगे कहा कि मैं दिल्ली के सभी नागरिकों का आभार व्यक्त करती हूँ, जिन्होंने अपने बहुमूल्य सुझाव और विचार साझा किए। यह बजट दिल्लीवासियों का बजट होगा, जो उनकी जरूरतों और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। दिल्ली के नागरिकों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वे दिल्ली को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने के हमारे प्रयासों के साथ खड़े हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व और दिल्ली सरकार की मेहनत से यह 'डबल इंजन सरकार' दिल्ली के विकास के लिए नए आयाम स्थापित करेगी। केंद्र और दिल्ली सरकार मिलकर हर उस पक्ष पर कार्य करेगी, जो जनता की जरूरतों और समस्याओं से जुड़ा है। यह साझेदारी दिल्ली के लिए एक नया अध्याय लिखेगी और इसे नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट का मुख्य उद्देश्य दिल्ली को बेहतर बुनियादी ढांचे, उत्कृष्ट शिक्षा, सशक्त स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार वृद्धि, और हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण की दिशा में आगे बढ़ाना है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जनता से प्राप्त सैकड़ों सुझावों को बजट निर्माण प्रक्रिया में शामिल किया गया है, जिससे यह वास्तव में "जनता का बजट" बन सके। दिल्ली सरकार ने इस बजट को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण,बिजली और पानी की सुचारू आपूर्ति, बरसात में जल भराव की समस्या का निदान, वायु प्रदूषण पर नियंत्रण, यमुना की सफाई, शिक्षा के विस्तार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, बुनियादी ढांचे के विकास और रोजगार के अवसरों पर केंद्रित करने का संकल्प लिया है। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि यह बजट दिल्ली के हर नागरिक की आकांक्षाओं को पूरा करने और राजधानी को एक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध शहर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Comments