जनता की सहभागिता के बिना शहर को नहीं बना सकते स्वच्छ : बादल कुमार
- स्वच्छता सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है : सुंदर सिंह तंवर
- एमसीडी की नई पहल हर शनिवार सफाई, हर दिन स्वच्छता
- छतरपुर के भाटी वार्ड से हुई अनोखी मुहिम की शुरुआत
नई दिल्ली
जब तक आम नागरिक सफाई को लेकर जागरूक नहीं होंगे, तब तक शहर को पूरी तरह स्वच्छ बनाना संभव नहीं होगा। स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए सभी नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के दक्षिणी जोन के उपायुक्त बादल कुमार ने शनिवार को दक्षिणी जोन में एक नई और अनोखी पहल की शुरुआत की करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अगर हर व्यक्ति अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संकल्प ले, तो हमारा शहर स्वच्छ और सुंदर बन सकता है। यह अभियान केवल एक दिन की सफाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि यह नागरिकों को सफाई के प्रति जागरूक करने का प्रयास है। बता दें कि स्वच्छता को जन आंदोलन बनाने के लिए के दक्षिणी जोन ने एक नई और अनोखी पहल की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत, प्रत्येक शनिवार को नगर निगम के एक वार्ड में व्यापक स्तर पर सफाई अभियान चलाया जाएगा, जिसमें स्थानीय नागरिकों और सफाई कर्मियों की भागीदारी को सुनिश्चित किया जाएगा। दक्षिणी जोन के उपायुक्त बादल कुमार ने कहा कि इस अभियान को ’हर शनिवार सफाई, हर दिन स्वच्छता’ के नारे के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। नगर निगम का यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
उपायुक्त बादल कुमार ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत छतरपुर विधानसभा के भाटी वार्ड से की गई, जहां शनिवार को नगर निगम अधिकारियों, स्थानीय पार्षदों और सफाई कर्मियों ने मिलकर सफाई अभियान चलाया। इस दौरान भाजपा पार्षद सुंदर सिंह तंवर, दक्षिणी जोन के उपायुक्त बादल कुमार और सफाई कर्मियों ने एक साथ झाड़ू लगाकर वार्ड को स्वच्छ बनाने का संदेश दिया। इस अभियान का उद्देश्य न केवल सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है, बल्कि जनता को भी इस मुहिम में सक्रिय भागीदार बनाना है।
स्थानीय पार्षद सुंदर सिंह तंवर ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। जब तक आम लोग खुद इसमें भाग नहीं लेंगे, तब तक यह संभव नहीं होगा। हम चाहते हैं कि यह अभियान पूरे जोन में जन आंदोलन बने। सफाई अभियान के बाद नगर निगम ने सफाई कर्मियों के सम्मान में एक विशेष होली मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किया। इसमें अधिकारियों और कर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उपायुक्त बादल कुमार ने सफाई कर्मियों को रंग लगाकर बधाई दी और कहा कि, सफाई कर्मियों की मेहनत के बिना स्वच्छ भारत अभियान की कल्पना भी नहीं की जा सकती। यह कार्यक्रम उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित किया गया है। इस अवसर पर सफाई कर्मियों ने भी खुशी जताई और कहा कि इस तरह के आयोजन से उनका मनोबल बढ़ता है और वे अपने कार्य को और अधिक उत्साह के साथ करने के लिए प्रेरित होते हैं।
Comments
Post a Comment