- भाजपा के आदेश पर ही निगमायुक्त ने लगाए यूजर चार्जेज : महापौर
- भाजपा की करनी और कथनी में बहुत अंतर : महेश
- करनी किसी की है और जनता भुगत रही है खामियाजा
नई दिल्ली MCD LIVE NEWS
भाजपा के आदेश पर ही दिल्ली नगर निगम के आयुक्त ने दिल्लीवालों पर यूजर चार्जेज लगाए हैं और अब भाजपा वाले विरोध करने का दिखावा कर रहे हैं। दिल्ली नगर निगम के महापौर महेश कुमार ने नेता सदन मुकेश गोयल और आम आदमी पार्टी के निगम पार्षदों के साथ निगम आयुक्त कार्यालय में हल्ला बोल प्रदर्शन के दौरान भाजपा पर यह आरोप लगाए। महापौर महेश कुमार ने कहा कि 12 हजार कच्चे कर्मियों को पक्का करने और हाउस टैक्स में रियायत देने को लेकर निगम में पास प्रस्ताव अभी तक अमल में नहीं लाया गया है। हम इसे लागू कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं और इसी को लेकर निगम आयुक्त अश्विनी कुमार से मिलने उनके कार्यालय आए थे। महापौर ने कहा कि निगम आयुक्त ने बिना महापौर की जानकारी में लाए और बिना सदन में प्रस्ताव पास कराए ही दिल्ली के लोगों के उपर यूजर चार्जेज लगा दिया है। आम आदमी पार्टी यूजर चार्जेज का विरोध करती है और इसे तत्काल खत्म करने की मांग करती है।
महापौर महेश कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की करनी और कथनी में बहुत अंतर है। भाजपा ने ही यूजर चार्जेज को लागू करवाया और अब वही विरोध करने का दिखावा कर रही है। दिल्ली की जनता सब जानती है कि उनके उपर यूजर चार्जेज भाजपा द्वारा लगाए गए हैं। भाजपा के आदेश पर ही निगम आयुक्त ने यूजर चार्जेज लगाए हैं ताकि आम आदमी पार्टी पर इसका आरोप मढ़ा जा सके और जनता के बीच में ख्याति न बढ़े।
महापौर महेश कुमार ने कहा कि आम आदमी पार्टी आज भी भाजपा के पार्षदों से मिले थे और हमने उनसे कहा था कि वह लोग भी हमारे साथ निगम आयुक्त से मिलने के लिए उनके पास चलें और दोनों पार्टी के पार्षद उनसे यूजर चार्जेज को हटाने की मांग करते हैं। करनी किसी की है और जनता इसका खामियाजा भुगत रही है। भाजपा ने ही 2016 में यूजर चार्जेज दिल्ली के लोगों पर लागू किया था।
Comments
Post a Comment