MCD में आप सरकार अधिकारियों के साथ मिलकर लगा रही है यूजर चार्ज : BJP
- यूजर चार्ज लगाने पर नेता विपक्ष ने महापौर से मांगा इस्तीफा, किया प्रदर्शन
नई दिल्ली MCD LIVE NEWS
दिल्ली नगर निगम में आम आदमी पार्टी की सरकार पिछले दरवाजे से अधिकारियों के साथ मिलकर यूजर चार्ज लगा रही है और महापौर महेश कुमार पत्रबाजी और विरोध प्रदर्शन करके नौटंकी कर रहे हैं। निगम में नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह ने उप-नेता विपक्ष जय भगवान यादव के नेतृत्व में भाजपा के वरिष्ठ पार्षदों के साथ महापौर कार्यालय में प्रदर्शन के दौरान आप सरकार पर निशाना साधते हुए यह आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महापौर में जरा सी भी नैतिकता बची है तो तुरंत इस्तीफा दे दें। क्योंकि जनता पर बोझ डालने वाली आप-दा सरकार को अब सहन नहीं किया जा सकता है। उप-नेता विपक्ष जय भगवान यादव ने कहा कि आप सरकार ने दिल्ली का बेड़ा गर्क कर दिया।
- आम आदमी पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया
नेता विपक्ष सहित भाजपा नेताओं, पार्षदों ने आम आदमी पार्टी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा के पार्षद महापौर कार्यालय के बाहर एकजुट हुए और महापौर एवं आम आदमी पार्टी हाय-हाय के नारे लगाए। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने आम आदमी पार्टी को जनता विरोधी दल बताया। नेता विपक्ष राजा इकबाल सिंह ने बताया कि आम आदमी पार्टी के राज में ही यूजर चार्ज लगे और यहां आप नेता यूजर चार्ज के मामले में घड़ियाली आंसू बहा रहे हैं जबकि सच्चाई यह है कि इनकी कथनी और करनी अलग-अलग है।
- भाजपा की सरकार ने उस समय इसका विरोध किया था
नेता विपक्ष सिंह ने कहा कि जब दिल्ली में आपदा सरकार थी तो उसने यूजर चार्ज लगाने के नियम लागू करें। भाजपा की सरकार ने उस समय इसका विरोध किया था और भाजपा जब तक सत्ता में रही तब तक इसे लागू नहीं करने दिया। लेकिन आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आते ही दिल्ली में हेल्थ ट्रेड लाइसेंस, जनरल ट्रेड लाइसेंस के दाम भी बढ़ा दिए और प्रॉपटी टैक्स के साथ यूजर चार्ज लेना शुरू कर दिया। भाजपा इसका विरोध करती है।
Comments
Post a Comment