सुनियो जी, ये पदयात्रा पर कौन है, बात तो कीजिए
- दिल्ली नगर निगम के शाहदरा दक्षिणी जोन के सम्पत्ति कर विभाग ने विकास मार्ग पर जागरूकता अभियान का किया आयोजन
- जागरूकता अभियान के माध्यम से नागरिकों को संपत्ति कर की सुनियो योजना के बारे में अवगत कराया
नई दिल्ली MCD LIVE NEWS
दिल्ली नगर निगम के शाहदरा दक्षिणी जोन के संपत्ति कर विभाग द्वारा “संपत्तिकर निपटान योजना (सुनियो) 2025-26“ के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनता को उपरोक्त आम माफी योजना के प्रति जागरूक करने के लिए संयुक्त कर निर्धारक एवं समाहर्ता हरीश चन्द्र कश्यप के नेतृत्व में स्टाफ ने विकास मार्ग पर एक पदयात्रा निकाली। इस पदयात्रा का उद्देश्य नागरिकों को संपत्ति कर की माफी योजना सुनियो के बारे में नागरिकों को अवगत कराना था ताकि अधिक से अधिक संपत्ति कर दाता इस योजना का लाभ उठा सकें। इस योजना के माध्यम से दिल्ली नगर निगम का उद्देश्य अधिक से अधिक संपत्ति कर दाताओं को जोड़ कर निगम के राजस्व में वृद्धि कराना है।
इस अवसर पर संयुक्त कर निर्धारक एवं समाहर्ता हरीश चन्द्र कश्यप ने बताया कि निगम की “सुनियो योजना 2025“ के अन्तर्गत वर्तमान वर्ष के साथ केवल पिछले 5 वर्ष अर्थात 2020-21 से 2025-26 तक के संपत्ति कर की केवल मूल राशि का भुगतान करने पर वर्ष 2020-21 से पहले का सभी संपत्ति कर, ब्याज व जुर्माना माफ कर दिया जायेगा। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2020-21 से 2025-26 के लिए भी ब्याज एवं जुर्माना माफ कर दिया जायेगा। हरीश कश्यप ने जनता से अपील की कि वह इस अत्यंत जन-हितैषी आम माफी योजना (सुनियो) का लाभ उठायें।
Comments
Post a Comment