12 हजार MCD कर्मियों को पक्का करने की मांग पर सदन में हंगामा, महापौर ने प्रेसवार्ता में खोली AAP की पोल


12 हजार MCD कर्मियों को पक्का करने की मांग पर सदन में हंगामा, महापौर ने बैठक स्थगित की

नई दिल्ली, 10 जुलाई 2025 / MCD LIVE NEWS 

दिल्ली नगर निगम (MCD) की आज की सदन बैठक उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने 12 हजार कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की मांग उठाई। सदन में जोरदार नारेबाजी और शोर-शराबे के बीच महापौर राजा इकबाल सिंह ने कार्यवाही को स्थगित कर दिया।
हंगामे के बीच महापौर राजा इकबाल सिंह ने प्रस्ताव पढ़कर बैठक स्थगित करने की घोषणा की। इसके बाद उन्होंने एक प्रेसवार्ता की, जिसमें उन्होंने AAP पर सदन की गरिमा भंग करने का आरोप लगाया।महापौर राजा इकबाल सिंह ने MCD में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा और नेता सदन प्रवेश वाही के साथ कहा कि आम आदमी पार्टी मुद्दों पर बहस नहीं चाहती, सिर्फ राजनीति करना चाहती है। कर्मचारियों को पक्का करने के नाम पर भ्रम फैलाया जा रहा है, जबकि इस पर कोई विधिवत प्रक्रिया नहीं अपनाई गई। उन्होंने यह भी कहा कि कर्मचारियों की भलाई के लिए निगम गंभीर है, लेकिन कोई भी निर्णय नियम और वित्तीय व्यावहारिकता को ध्यान में रखकर ही लिया जाएगा।

AAP ने उठाई पुरानी मंजूरी को लागू करने की मांग

नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि जब एमसीडी में आम आदमी पार्टी की सरकार थी, तब 12 हजार कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव पारित किया गया था और इसके लिए 800 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान भी किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब जब एमसीडी में भाजपा की सत्ता है, तो जानबूझकर इस प्रस्ताव को लागू नहीं किया जा रहा है। नेता विपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि हम सिर्फ यह मांग कर रहे हैं कि पूर्व में पारित प्रस्ताव को लागू किया जाए। यह कर्मचारियों का अधिकार है। AAP पार्षदों ने सदन में नारेबाजी करते हुए मेयर से इस प्रस्ताव को लागू करने के लिए निगम आयुक्त को निर्देश देने की मांग की।





---

अब आगे क्या?

सदन स्थगित होने के बाद यह स्पष्ट है कि यह मामला अभी और तूल पकड़ सकता है। जहां AAP इसे कर्मचारियों के अधिकारों से जोड़ रही है, वहीं BJP इसे राजनीतिक स्टंट बता रही है। नगर निगम कर्मचारियों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि अगली बैठक में इस मुद्दे पर कोई ठोस निर्णय होता है या नहीं।

अधिक जानकारी के लिए इस लिंक पर वीडियो देखे

https://www.facebook.com/share/v/1PshgMWevX/

Comments