- 30 अक्टूबर से रोहिणी में जुटेंगे 40 देशों के प्रतिनिधि
- महापौर ने दिया सहयोग का भरोसा
नई दिल्ली | रिपोर्टर: मदन कुमार
दिल्ली एक ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बनने जा रही है। स्वर्ण जयंती पार्क, रोहिणी सेक्टर-10 में आगामी 30 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 तक अंतर्राष्ट्रीय विश्व आर्य महासम्मेलन का भव्य आयोजन होने जा रहा है। यह आयोजन 150वें आर्य समाज स्थापना वर्ष और महर्षि दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल आर्य समाज की वैचारिक विरासत को सशक्त करना है, बल्कि सामाजिक कुरीतियों और अंधविश्वासों को मिटाने का संदेश भी देना है।
- महापौर राजा इकबाल सिंह का समर्थन
आर्य समाज ग्रेटर कैलाश-I में आयोजित बैठक में दिल्ली के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने अपने प्रेरक उद्बोधन में आर्य समाज की ऐतिहासिक भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आर्य समाज ने समाज को कुरीतियों और अंधविश्वासों से मुक्त करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। शहीद भगत सिंह, लाला लाजपत राय और राम प्रसाद बिस्मिल जैसे क्रांतिकारी महर्षि दयानंद से प्रेरित थे।
महापौर ने यह भी आश्वासन दिया कि दिल्ली नगर निगम और दिल्ली सरकार इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग करेंगी।
- 40 से अधिक देशों से आएंगे प्रतिभागी
कार्यक्रम के संयोजक सुरेंद्र कुमार आर्य ने ‘ज्ञान पर्व ज्योति महोत्सव समिति’ एवं JBM ग्रुप के माध्यम से एक विशेष वीडियो प्रचार सामग्री जारी कर इसे “नए युग की ओर बढ़ने का आह्वान” बताया। दिल्ली आर्य प्रतिनिधि सभा के महामंत्री विनय आर्य ने बताया कि सम्मेलन में 40 से अधिक देशों से आर्य प्रतिनिधि अपनी कला, संस्कृति और वैदिक जीवनशैली के साथ भाग लेंगे।
- 20,000 आर्य वीर और वीरांगनाएं करेंगी सेवा कार्य
सत्यवीर शास्त्री ने जानकारी दी कि आयोजन के दौरान 20,000 आर्य वीर और वीरांगनाएं सेवा कार्यों में जुटे रहेंगे। वहीं, स्वामी प्रणवानंद सरस्वती और पार्षद रवि हंस ने आयोजन की आवश्यकता पर बल देते हुए इसे समाज जागरण की दिशा में एक “नई क्रांति” बताया।
- देशभर से समर्थन, संगठित सेवा का संकल्प
कार्यक्रम की रूपरेखा में सार्वदेशिक सभा प्रधान सुरेश चंद्र आर्य, सार्वदेशिक आर्य वीर दल प्रमुख स्वामी देवव्रत सरस्वती, आर्य केंद्रीय सभा प्रधान सुरेंद्र रैली, दयानंद सेवाश्रम के महामंत्री जोगिन्द्र खट्टर, प्रांतीय आर्य महिला सभा की रचना आहूजा, आर्य वीर दल के बृहस्पति आर्य, और वीरांगना दल की शारदा आर्या ने देशभर से संगठित रूप में भाग लेने और सेवा कार्यों को सफलतापूर्वक संपन्न करने का संकल्प लिया।
बता दें कि इस आयोजन के माध्यम से एक ओर जहां आर्य समाज की आध्यात्मिक और सामाजिक चेतना को अंतर्राष्ट्रीय मंच मिलेगा, वहीं दूसरी ओर दिल्ली को वैश्विक सांस्कृतिक संगम का गौरव प्राप्त होगा। यह महासम्मेलन न केवल महर्षि दयानंद की शिक्षाओं को पुनः जीवंत करेगा, बल्कि युवा पीढ़ी को वैदिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की ओर प्रेरित भी करेगा। यह सिर्फ आयोजन नहीं, बल्कि आर्य संस्कृति की पुनः प्रतिष्ठा की ओर एक युगांतरकारी कदम है।
आप तारीख याद रखें: 30 अक्टूबर से 2 नवंबर 2025 | स्थान: स्वर्ण जयंती पार्क, रोहिणी सेक्टर-10, दिल्ली
Comments
Post a Comment