दिल्ली नगर निगम के सदन में हंगामा, दिल्ली की समस्याओं पर नहीं हो सकी चर्चा: नाजिया दानिश



दिल्ली नगर निगम के सदन में हंगामा, दिल्ली की समस्याओं पर नहीं हो सकी चर्चा: नाजिया दानिश

- कांग्रेस ने साधा दोनों पार्टियों पर निशाना

नई दिल्ली, 10 जुलाई: MCD LIVE NEWS
मानसून के दस्तक देने के बाद दिल्ली की कई कॉलोनियाँ जलभराव से बेहाल हैं, करोल बाग में आग की घटना में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, लेकिन इन तमाम गंभीर मुद्दों पर चर्चा के लिए जो एमसीडी सदन चलना चाहिए था, वह आम आदमी पार्टी (AAP) द्वारा हंगामे की भेंट चढ़ गया।  एमसीडी में कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने गुरुवार  को सदन बैठक के बाद प्रेसवार्ता में यह बात कही। उन्होंने इसे लोकतंत्र के साथ मज़ाक बताते हुए कहा कि "जनहित के सवालों से सत्ताधारी दल भाजपा और विपक्ष में आप नेता भाग रहे हैं।


नाजिया दानिश ने कहा कि दिल्ली के लोग इस उम्मीद में बैठे थे कि सदन में जनसमस्याओं पर बहस होगी — जलभराव, सफाई, डेंगू की तैयारी, कर्मचारियों का मुद्दा, लेकिन आम आदमी पार्टी और भाजपा दोनों ने अपनी-अपनी राजनीति के लिए सदन की गरिमा को तार तार कर दिया।

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 साल सरकार में रहते हुए भी जो पार्टी निगम कर्मचारियों को पक्का नहीं कर पाई, आज विपक्ष में बैठकर ड्रामा कर रही है। 12 हजार कर्मचारियों को पक्का करने की बात कर रहे हैं लेकिन जवाब नहीं है कि जब नगर निगम में भी आपकी सरकार थी, तब क्यों नहीं किया?"

भाजपा पर हमला करते हुएकांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने कहा कि भाजपा के नेता मिंटो ब्रिज पर फोटो खिंचवाने में व्यस्त हैं, लेकिन दिल्ली की बाकी कॉलोनियाँ डूब रही हैं। डिसिल्टिंग के नाम पर करोड़ों का खेल खेला गया, उसका कोई हिसाब नहीं है। करोल बाग स्थित विशाल मेगा मार्ट में लगी आग और उसमें दो युवकों की मौत का ज़िक्र करते हुए नाजिया दानिश ने दुख जताया कि "मेयर साहब शोक प्रस्ताव तक नहीं पढ़ सके। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।" कांग्रेस की ओर से मांग की गई कि सदन को पुनः बुलाया जाए और मानसून से जुड़ी समस्याओं, निगम कर्मचारियों की स्थिति और करोल बाग अग्निकांड पर गंभीर चर्चा की जाए।

Comments