दिल्ली नगर निगम में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया
- महापौर ने दिलाई सत्यनिष्ठा की शपथ
नई दिल्ली, 14 अगस्त। MCD LIVE NEWS
दिल्ली नगर निगम मुख्यालय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में गुरुवार को 79वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन बड़ी धूमधाम से किया गया। दिल्ली के महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने ध्वजारोहण कर सभी नागरिकों, निगम अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
महापौर ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि निगम विद्यालयों के विद्यार्थी किसी भी निजी विद्यालय से कम नहीं हैं। शिक्षा के साथ-साथ उनका सर्वांगीण विकास हो रहा है। अपने संबोधन में महापौर ने स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि आज हम खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं और स्वतंत्र रूप से रह पा रहे हैं, यह हमारे वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान का परिणाम है। हमें सदैव उन्हें स्मरण रखना चाहिए। समारोह में स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, आयुक्त अश्विनी कुमार, निगम के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में निगम विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों से सभी का दिल जीत लिया।
महापौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 2014 में शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान को जन आंदोलन करार देते हुए कहा कि अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में 1 से 31 अगस्त तक “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” अभियान चलाया जा रहा है। महापौर ने नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।कार्यक्रम के अंत में महापौर ने निगम पदाधिकारियों और कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा की शपथ भी दिलाई।
Comments
Post a Comment