रामलीलाएं केवल धार्मिक आयोजन नहीं, जीवन जीने की प्रेरणा हैं: मुख्यमंत्री
- भगवान राम के आशीर्वाद से दिल्ली को रामराज्य के मार्ग पर ले जाना मेरा संकल्प: रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 24 अगस्त 2025।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि रामलीलाएं केवल धार्मिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि इनके प्रत्येक पात्र से जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है। शालीमार बाग की ए और बी ब्लॉक रामलीलाओं के भूमि पूजन कार्यक्रम में उन्होंने स्पष्ट किया कि रामराज्य का अर्थ है न्यायपूर्ण, पारदर्शी और जनता के हित में शासन। इसके लिए कभी-कभी आसुरी शक्तियों से संघर्ष भी करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे प्रभु राम ने यह जिम्मेदारी दी है कि दिल्ली को रामराज्य के मार्ग पर आगे बढ़ाऊं। रामलीला का हर चरित्र—राम, सीता, लक्ष्मण या कैकयी—हमें जीवन के अलग-अलग दायित्व निभाने की सीख देता है। यही कारण है कि सदियों से देशभर में हजारों रामलीलाएं आयोजित होती आ रही हैं। हाल ही में उन पर हुए हमले का उल्लेख करते हुए गुप्ता ने कहा कि प्रभु राम का आशीर्वाद और जनता का स्नेह उन्हें हमेशा सुरक्षित और मजबूत बनाए रखता है। उन्होंने इसे अपनी सबसे बड़ी ताकत बताया।
रामलीलाओं को मिलेगा भव्य स्वरूप
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि इस वर्ष रामलीलाओं का मंचन पहले से कहीं अधिक भव्य और भक्तिभाव से परिपूर्ण होगा। इसके लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं जिनमें मंचन के लिए सभी अनुमतियों की व्यवस्था जिला स्तर पर डीएम की अगुवाई में सिंगल विंडो सिस्टम से की जाएगी।, भूमि की सिक्योरिटी राशि 20 रुपये प्रति वर्गमीटर से घटाकर 15 रुपये कर दी गई है।, मनोरंजन स्थलों के क्षेत्रफल को कुल क्षेत्रफल का अधिकतम 40 प्रतिशत तक सीमित किया गया है।इसके साथ ही रामलीला मंचन के दौरान डांडिया और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे उत्सव का वातावरण और जीवंत बनेगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आह्वान किया कि दिल्लीवासी मिलकर रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने का संकल्प लें और राजधानी को प्रेम, शांति और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ाएं।
Comments
Post a Comment