जामा मस्जिद से लाल किला तक भव्य तिरंगा यात्रा: “धर्म से ऊपर राष्ट्र” का संदेश


जामा मस्जिद से लाल किला तक भव्य तिरंगा यात्रा: “धर्म से ऊपर राष्ट्र” का संदेश

- भाजपा दिल्ली अल्पसंख्यक मोर्चा की पहल, मुस्लिम समाज की बड़ी भागीदारी

नई दिल्ली, 14 अगस्त। MCD LIVE NEWS 

 स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी के ऐतिहासिक जामा मस्जिद क्षेत्र ने बुधवार को देशभक्ति और एकता का अद्भुत नजारा देखा, जब दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की ओर से जामा मस्जिद से लाल किले तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मुस्लिम समाज की भारी संख्या में मौजूदगी और गूंजते देशभक्ति के नारों ने इस यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया।इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि “धर्मस्थल जामा मस्जिद से लोकतंत्र के प्रतीक लाल किला तक निकाली गई इस यात्रा का संदेश साफ है — किसी भी धर्म से ऊपर हमारा राष्ट्र है और हमेशा रहेगा। हमारे मुस्लिम भाई-बहनों का यह देशप्रेम की मिसाल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।”

यात्रा की शुरुआत मीना बाजार, जामा मस्जिद से हुई, जिसमें मुस्लिम समाज की महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और युवा जोश और गर्व के साथ हाथों में तिरंगा लिए शामिल हुए। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “हिंदुस्तान ज़िंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।


भाजपा दिल्ली अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनीश अब्बासी ने कहा, “हमारा तिरंगा हमारी पहचान, हमारी एकता और हमारे भारत की आन-बान-शान है। आज मुस्लिम समाज ने यह साबित कर दिया है कि देशप्रेम हर हिंदुस्तानी के दिल की आवाज है।”

पूर्व उपाध्यक्ष, अल्पसंख्यक आयोग आतिफ रशीद ने इसे जामा मस्जिद क्षेत्र का “ऐतिहासिक दिन” बताया और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज का एकजुट होकर तिरंगा यात्रा में शामिल होना देश के भाईचारे और एकता की मिसाल है।

यात्रा में कारी मोहम्मद हारून, इरफान सलमानी, शबाना रहमान, इम्तियाज सहित कई सामाजिक और धार्मिक हस्तियां भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में यह आह्वान किया गया कि सभी नागरिक धर्म, जाति और भाषा से ऊपर उठकर देश की अखंडता, भाईचारे और शांति को बनाए रखने के लिए संकल्पित हों।



Comments