अशोक विहार में विश्व मच्छर दिवस पर रैली

अशोक विहार में विश्व मच्छर दिवस पर रैली
- नागरिकों को किया जागरूक

नई दिल्ली, 20 अगस्त 2025/ MCD LIVE NEWS 

विश्व मच्छर दिवस के अवसर पर दिल्ली नगर निगम के केशव पुरम ज़ोन, वार्ड संख्या 64 अशोक विहार में मंगलवार को एक भव्य रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस रैली का नेतृत्व निगम पार्षद एवं शिक्षा समिति के चेयरमैन श्री योगेश वर्मा ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में RWA सदस्य, स्थानीय निवासी, निगम अधिकारी व कर्मचारी शामिल हुए। रैली के दौरान नागरिकों को मच्छरों से फैलने वाली खतरनाक बीमारियों — डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया — से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
ज़ोन के महामारीविद डॉ. विशाल काले ने बताया कि यदि लोग अपने आसपास पानी जमा न होने दें, नियमित रूप से सफाई करें और निगम द्वारा किए जा रहे दवाइयों के छिड़काव में सहयोग करें, तो मच्छर जनित रोगों से प्रभावी रूप से बचा जा सकता है। इस अवसर पर निगम टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण किया और दवाइयों का छिड़काव भी कराया। वहीं, नागरिकों को साफ-सफाई और रोकथाम के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

निगम पार्षद योगेश वर्मा ने कहा कि "निगम का प्रयास है कि हर नागरिक को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिले। मच्छरों से होने वाली बीमारियों को रोकने के लिए सामूहिक प्रयास ज़रूरी हैं। यदि हम साफ-सफाई का ध्यान रखें और समय पर रोकथाम करें तो इन बीमारियों पर आसानी से काबू पाया जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना था कि जनभागीदारी के बिना मच्छरों से होने वाली बीमारियों पर नियंत्रण संभव नहीं है। निगम ने अपील की कि हर नागरिक अपने घर, गली और कॉलोनी में स्वच्छता को प्राथमिकता दे और रोकथाम अभियान का हिस्सा बने।

Comments