महापौर ने घोंडा क्षेत्र में खुद उठाया झाड़ू



“दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” मुहिम: महापौर ने घोंडा क्षेत्र में खुद उठाया झाड़ू, दिया स्वच्छता का संदेश
- महापौर के इस संदेश ने साफ कर दिया है कि दिल्ली को गंदगी से निजात दिलाने में निगम और जनता दोनों की साझेदारी ही असली कुंजी है।

नई दिल्ली, 26 अगस्त 2025

दिल्ली को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने की दिशा में चल रहे “दिल्ली को कूड़े से आज़ादी” अभियान के तहत आज महापौर राजा इक़बाल सिंह ने शाहदरा उत्तर ज़ोन के घोंडा क्षेत्र का दौरा किया। महापौर के साथ क्षेत्रीय विधायक  अजय महावार, ज़ोन चेयरमैन पुनीत शर्मा, उपाध्यक्ष मुकेश बंसल, पार्षद मनीषा पुनिया और उपायुक्त अभिषेक कुमार मिश्रा भी मौजूद रहे।

इस मौके पर महापौर ने स्वयं सड़क पर सफाई कर स्थानीय नागरिकों को साफ-सफाई का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि "स्वच्छता सिर्फ निगम की नहीं, बल्कि हर नागरिक की ज़िम्मेदारी है। हम सब मिलकर दिल्ली को कूड़े से आज़ादी दिला सकते हैं।" महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर और आसपास सफाई रखें और निगम की मुहिम में सक्रिय सहयोग करें। साथ ही, “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत यमुना विहार में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए महापौर ने सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन और नाली-नालों की स्थिति का जायज़ा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि व्यवस्था को और मज़बूत किया जाए ताकि जनता को साफ-सुथरा वातावरण मिल सके। ज़ोन चेयरमैन पुनीत शर्मा ने कहा कि निगम का लक्ष्य है कि शाहदरा उत्तर ज़ोन को आदर्श स्वच्छ क्षेत्र बनाया जाए। इसके लिए हर स्तर पर काम किया जा रहा है।

Comments