बाढ़ प्रभावित इलाकों में महापौर ने दिए राहत कार्य तेज करने के निर्देश
#महापौर राजा इकबाल सिंह ने किया हक़ीक़त नगर और बुराड़ी का दौरा
नई दिल्ली। 5 सितंबर 2025
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से राजधानी के कई निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इसी को देखते हुए दिल्ली नगर निगम के महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने शुक्रवार को हक़ीक़त नगर, बुराड़ी और अन्य प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और वहां की स्थिति का जायज़ा लिया। महापौर के साथ क्षेत्रीय उपायुक्त अंशुल सिरोही और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जलभराव की शीघ्र निकासी के लिए अतिरिक्त पंप लगाए जाएं और प्रभावित इलाकों में सैनिटेशन व फॉगिंग की विशेष व्यवस्था की जाए, ताकि संक्रामक बीमारियों का खतरा न बढ़े।
महापौर ने कहा कि “दिल्ली नगर निगम हर परिस्थिति में नागरिकों के साथ खड़ा है। प्रभावित लोगों को हर संभव मदद दी जाएगी। हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि पानी को जल्द से जल्द निकाला जाए और जनजीवन सामान्य किया जाए।”
उन्होंने स्थानीय निवासियों से अपील की कि वे घबराएँ नहीं। नगर निगम की टीमें और आपदा प्रबंधन बल पूरी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति में लोग निगम के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगम की ओर से राहत और बचाव कार्यों को और तेज करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि लोगों की दिक्कतें तुरंत दूर की जा सकें।
Comments
Post a Comment