पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दिल्ली सरकार और भाजपा एकजुट

पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए दिल्ली सरकार और भाजपा एकजुट
#राहत सामग्री भेजने की तैयारी तेज

नई दिल्ली। 5 सितंबर 2025

पंजाब में आई भीषण बाढ़ को देखते हुए दिल्ली भाजपा कार्यालय में शुक्रवार को एक बड़ी आपात बैठक आयोजित की गई। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि दिल्ली सरकार और भाजपा संगठन मिलकर पंजाब के प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और हर संभव सुविधा पहुँचाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने की। इस दौरान दिल्ली सरकार के सभी मंत्री मौजूद रहे। इसके अलावा सांसद कमलजीत सहरावत और योगेंद्र चंदोलिया, संगठन महामंत्री पवन राणा, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग तथा वरिष्ठ पदाधिकारी भी शामिल हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि यह समय राजनीति से ऊपर उठकर मानवता की सेवा का है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवी संगठनों से अपील की कि वे राहत कार्यों में आगे आएँ।
बैठक में पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की ताज़ा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई और राहत कार्यों की रूपरेखा तय की गई। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “दिल्ली सरकार पंजाब के हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। हम संगठन के साथ मिलकर भोजन, दवाइयाँ, तिरपाल और अन्य जरूरी सामग्री तुरंत रवाना करेंगे।”

दिल्ली सरकार और भाजपा संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि राहत सामग्री भेजने के साथ-साथ मेडिकल टीम और वालंटियर भी पंजाब रवाना किए जाएंगे, ताकि ज़रूरतमंदों को त्वरित मदद दी जा सके। बता दें कि राजधानी से चलने वाला यह संयुक्त राहत अभियान आने वाले दिनों में बाढ़ पीड़ितों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।

Comments