पश्चिम विहार रामलीला में भावुक कर गया भरत-कैकई संवाद
#दर्शकों ने महसूस की रामभक्ति की गहराई
नई दिल्ली।
राजधानी के पश्चिम विहार ए-2 ब्लॉक स्थित रामलीला मैदान में चल रहे प्रभु श्रीराम की लीला महोत्सव में शुक्रवार को प्रस्तुत किए गए भरत-कैकई संवाद दृश्य ने श्रद्धालुओं को गहराई तक प्रभावित किया। मंचन के दौरान मैदान में मौजूद दर्शक भावुक होकर रामभक्ति में सराबोर हो उठे।
आज की लीला में भरत-कैकई संवाद, भरत-कौशल्या संवाद, श्रीराम का वनदेवी एवं केवट से संवाद, तथा भरत द्वारा प्रभु श्रीराम और माता सीता से अयोध्या लौटने का आग्रह जैसे मार्मिक प्रसंगों का जीवंत मंचन हुआ। विशेष रूप से कौशल्या और भरत का संवाद इतना हृदयस्पर्शी रहा कि दर्शकों की आँखें नम हो गईं। कौशल्या की भूमिका निभाने वाली पूर्व निगम पार्षद पूनम बागड़ी के अभिनय को लोगों ने खूब सराहा।
रामलीला कमेटी के प्रधान भारत भूषण दुआ और महामंत्री ललित मुटरेजा ने बताया कि मंचन से पहले क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों एवं समाजसेवी सुभाष गुप्ता द्वारा विधिवत मंच पूजन और श्रीगणेश पूजन किया गया।
महामंत्री अश्वनी बागड़ी, सचिव अनिल गौतम, राजेश गुप्ता और वरिष्ठ समाजसेवी धर्मेंद्र सोलंकी ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को आदर्श, नैतिकता और त्याग का संदेश देने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को रामायण जैसे महाकाव्यों में निहित मूल्यों से जोड़ना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। मंचन के दौरान पारंपरिक संगीत, भव्य परिधानों और कलाकारों के दमदार अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। पूरा रामलीला मैदान “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा।
Comments
Post a Comment