DBC/CFW कर्मचारियों की 30 साल पुरानी मांगें अब अनिश्चितकालीन हड़ताल तक पहुँचीं


DBC/CFW कर्मचारियों की 30 साल पुरानी मांगें अब अनिश्चितकालीन हड़ताल तक पहुँचीं
#29 सितंबर को सिविक सेंटर पर होगा बड़ा प्रदर्शन

नई दिल्ली।

आज 16 सितंबर को सिविक सेंटर में स्टैंडिंग कमेटी चेयरपर्सन सत्या शर्मा की अध्यक्षता में और हेल्थ कमेटी चेयरमैन मनीष चड्ढा सहित विभाग के एडिशनल कमिश्नर और आला अधिकारियों की मौजूदगी में एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक आयोजित हुई। एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन ( रजि० ) के महासचिव देवानंद शर्मा ने मंगलवार रात को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में यूनियन ने अपनी पिछले 30 वर्षों से लंबित मांगों को जोरदार तरीके से रखा। मगर कर्मचारियों का कहना है कि उनकी जायज मांगों पर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया और बार-बार सिर्फ समय मांगा जा रहा है, जबकि मांगों के समाधान के लिए कोई निश्चित समय सीमा तय नहीं की गई।
इस स्थिति से नाराज़ होकर यूनियन ने ऐलान किया कि अब वे और समय देने के लिए तैयार नहीं हैं। दिल्ली के सभी 12 जोनों के DBC (Domestic Breeding Checker) व CFW कर्मचारी 29 सितंबर 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर उतरेंगे।

यूनियन ने स्पष्ट कहा कि हड़ताल सिविक सेंटर के गेट नंबर 5 से शुरू होगी। सभी कर्मचारी अपने परिवार – पत्नी, बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता समेत धरने में शामिल होंगे। हड़ताल तब तक जारी रहेगी जब तक सरकार और निगम प्रशासन उनकी मांगों का निवारण नहीं कर देते। यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि उनकी लड़ाई केवल अपनी नौकरी या सुविधाओं के लिए नहीं है, बल्कि अपने परिवारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए है।
"इंकलाब जिंदाबाद" के नारों के बीच यूनियन ने साफ किया कि अब कर्मचारी पूरी मजबूती से मैदान में उतरेंगे। अगर यह हड़ताल लंबी खिंचती है तो दिल्ली में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम और एंटी-मलेरिया अभियान बुरी तरह प्रभावित हो सकता है। इसका सीधा असर जनस्वास्थ्य पर पड़ेगा। अब सबकी निगाहें निगम प्रशासन और दिल्ली सरकार पर टिकी हैं कि वे कर्मचारियों की 30 साल पुरानी मांगों को हल करते हैं या नहीं।





Comments