#“जो कहा, वो किया” — रेखा गुप्ता सरकार ने पूरा किया भाजपा का चुनावी संकल्प,
#भाजपा कार्यकर्ताओं के वर्षों के संघर्ष का परिणाम, 23 प्राकृतिक और 1300 कृत्रिम घाटों पर तैयारी जारी, पूर्वांचल मोर्चा चलाएगा महा सफाई अभियान
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2025
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा है कि रेखा गुप्ता सरकार ने भाजपा का एक और बड़ा चुनावी संकल्प पूरा करते हुए इस बार यमुना तट सहित पूरे दिल्ली में लगभग 1500 घाटों पर छठ पूजा के आयोजन की व्यवस्था की है। सचदेवा ने बताया कि 23 विशाल प्राकृतिक घाट यमुना तट पर बनाए जा रहे हैं, जबकि करीब 1300 कृत्रिम घाटों का विकास तेजी से जारी है। इसके अतिरिक्त, जनता की मांग पर लगभग 200 नए स्थानों को भी कृत्रिम घाटों के लिए चिन्हित किया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “हमने पिछले वर्ष छठ पूजा से पूर्व मैली यमुना और अरविंद केजरीवाल सरकार की निष्क्रियता को उजागर किया था। छठ मैया की कृपा और जनता के आशीर्वाद से आज दिल्ली में हमारी सरकार है, जिसने इस संकल्प को साकार किया है।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उस अनैतिक रोक को हटाया है जो पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार ने यमुना तट पर पूजा-अर्चना पर लगाई थी। यह निर्णय न केवल धार्मिक आस्था का सम्मान है, बल्कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा वर्षों से किए गए संघर्ष का परिणाम है।
सचदेवा ने बताया कि जहां दिल्ली सरकार छठ पर्व की तैयारी पूरी शिद्दत से कर रही है, वहीं दिल्ली नगर निगम भी स्वच्छता और सफाई के मोर्चे पर पूरी तरह मुस्तैद है। इसके साथ ही भाजपा के पूर्वांचल मोर्चा अध्यक्ष संतोष ओझा के नेतृत्व में कार्यकर्ता सभी प्राकृतिक और कृत्रिम घाटों पर “महा सफाई अभियान” चलाएंगे।
सचदेवा ने कहा कि पार्टी के सभी सांसद, विधायक, पार्षद और वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न घाटों का दौरा कर तैयारी की निगरानी करेंगे और रेखा गुप्ता सरकार के नेतृत्व में दिल्ली में छठ पूजा के सर्वोत्तम आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देंगे।
Comments
Post a Comment