दिल्ली नगर निगम ने 2000 से 2002 तक के सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव पारित किया : संदीप कपूर
दिल्ली नगर निगम ने 2000 से 2002 तक के सभी कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव पारित किया : संदीप कपूर
#पर्यावरण प्रबंधन समिति अध्यक्ष संदीप कपूर ने दी जानकारी, बोले —वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
#हर महीने नियमित रूप से होंगे स्थायीकरण के आदेश जारी
नई दिल्ली
दिल्ली नगर निगम की पर्यावरण प्रबंधन समिति (डेम्स) के अध्यक्ष संदीप कपूर ने आज सदन बैठक के बाद एक ऐतिहासिक निर्णय की घोषणा की। उन्होंने बताया कि निगम ने वर्ष 2000 से लेकर 2002 तक के सभी कच्चे सफाई कर्मचारियों को पक्का करने का प्रस्ताव सदन से पारित कर दिया है।
डेम्स अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि यह निर्णय लंबे समय से निगम कर्मियों की प्रमुख मांग रही है। निगम के अंदर आखिरी बार कच्ची भर्ती वर्ष 2002 तक हुई थी, जिसके बाद से हजारों कर्मचारी स्थायीकरण की प्रतीक्षा में थे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को सदन बैठक में भारतीय जनता पार्टी शासित नगर निगम ने वह मांग पूरी कर दी, जिसका इंतजार कर्मचारी वर्षों से कर रहे थे।
कपूर ने बताया कि अब जो भी कर्मचारी सत्यापन के बाद विभागीय रूप से पात्र पाए जाएंगे, उनकी फाइलें चरणबद्ध तरीके से निपटाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि हमने प्रक्रिया को सरल बना दिया है। अब जैसे ही फाइलें सत्यापित होकर आएंगी, समिति हर 10 दिन के भीतर उन्हें क्लियर करती रहेगी। इस तरह हर महीने पक्के होने वाले कर्मचारियों की सूची बढ़ती जाएगी। उन्होंने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए महापौर राजा इकबाल सिंह, निगम की पूरी टीम और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा का विशेष धन्यवाद किया।
डेम्स अध्यक्ष संदीप कपूर ने कहा कि यह कदम न केवल निगम सफाई कर्मचारियों के लिए राहत की बड़ी खबर है, बल्कि नगर निगम प्रशासन के प्रति उनका भरोसा भी मज़बूत करेगा। लंबे समय से निगम मुख्यालय और विभिन्न जोनों में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे “न्याय की जीत” बताया।
डेम्स अध्यक्ष संदीप कपूर ने बताया कि यह निर्णय उन सभी कर्मियों के लिए उम्मीद की नई किरण है, जिन्होंने वर्षों तक नगर निगम की सेवाओं में योगदान दिया लेकिन स्थायी पद का अधिकार नहीं मिल सका। अब यह कदम न केवल उनके भविष्य को सुरक्षित करेगा बल्कि निगम के कार्यप्रणाली में स्थायित्व और पारदर्शिता भी बढ़ाएगा।
Comments
Post a Comment