24 घंटे में समाधान देने का था वादा, बीत गए आठ दिन : अंकुश नारंग

24 घंटे में समाधान देने का था वादा, बीत गए आठ दिन : अंकुश नारंग 

“समान कार्य के लिए समान वेतन” की लड़ाई 25वें दिन भी जारी
- नेता विपक्ष अंकुश नारंग ने BJP-शासित MCD पर वादाखिलाफी का लगाया आरोप
- कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर कार्रवाई के बजाय पुलिस भेजकर आवाज़ दबाने का प्रयास लोकतंत्र के लिए शर्मनाक — अंकुश नारंग

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर 2025

दिल्ली नगर निगम के जनस्वास्थ्य विभाग के 5200 MTS/CFW कर्मचारी “समान कार्य के लिए समान वेतन” की मांग को लेकर पिछले 25 दिनों से निगम मुख्यालय के बाहर धरने पर डटे हुए हैं। बुधवार को दिल्ली नगर निगम में नेता विपक्ष अंकुश नारंग ने इस मुद्दे पर भाजपा शासित निगम प्रशासन को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह आंदोलन कर्मचारियों के अधिकारों के लिए न्याय की लड़ाई है, जिसे भाजपा मेयर और निगम प्रशासन नजरअंदाज कर रहे हैं।


24 घंटे में समाधान देने का था वादा, बीत गए आठ दिन : अंकुश नारंग 

नारंग ने सोशल मीडिया मंच एक्स (X) पर लिखा कि उन्होंने भाजपा मेयर और निगम आयुक्त को पुनः पत्र लिखकर इन कर्मचारियों की जायज़ मांगों को तुरंत पूरा करने की मांग की है। उन्होंने याद दिलाया कि पिछली निगम सदन की बैठक में जब उन्होंने यह मुद्दा उठाया था, तब भाजपा मेयर ने 7 सदस्यीय समिति गठित कर 24 घंटे में समाधान देने का वादा किया था, लेकिन अब आठ दिन बीत जाने के बावजूद न समिति बनी और न ही कोई ठोस कदम उठाया गया।


नेता विपक्ष ने कहा कि भाजपा मेयर के वादे अब “खोखले साबित” हो चुके हैं और निगम प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर संवेदनहीन रवैया अपना रहा है। उन्होंने आगे कहा, “अब भाजपा-शासित MCD आंदोलनरत कर्मचारियों की आवाज़ दबाने के लिए पुलिस भेज रही है, जो लोकतंत्र के लिए शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। इन कर्मचारियों की मांगें न केवल जायज़ हैं बल्कि संवैधानिक अधिकारों से जुड़ी हैं, जिन्हें तत्काल मान लिया जाना चाहिए।” वहीं, धरना स्थल पर मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उन्हें स्थायी कर्मचारियों के समान वेतन और सुविधा नहीं दी जाती, वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे।

Comments