प्राइवेट प्रस्ताव नहीं, चाहिए प्रशासनिक आदेश’ : देवानंद शर्मा


’प्राइवेट प्रस्ताव नहीं, चाहिए प्रशासनिक आदेश’ : देवानंद शर्मा 

-’एमसीडी मुख्यालय पर 11वें दिन भी जारी रही एमटीएस कर्मियों की हड़ताल’  

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर 2025

दिल्ली नगर निगम के जन स्वास्थ्य विभाग के ’डीबीसी/सीएफडब्ल्यु (एमटीएस) कर्मचारियों’ की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज गुरूवार को 11वें दिन भी निगम मुख्यालय ’गेट नंबर 5’ पर लगातार जारी रही। कर्मचारी दिन-रात धरने पर बैठे हैं और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए संघर्ष करते हुए भी ’न्याय की उम्मीद में’ डटे हुए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि ’29 सितंबर 2025’ से शुरू हुई हड़ताल के बावजूद अब तक निगम प्रशासन की ओर से ’’कोई ठोस समाधान’’ नहीं निकला है। इससे कर्मचारियों में गहरा रोष है।
बता दें कि आज गुरुवार को एमसीडी में ’स्टैंडिंग कमेटी की बैठक’ भी आयोजित की गई। इससे पहले कर्मचारियों के मुद्दे पर चर्चा की संभावना जताई गई थी। लेकिन बैठक से पहले कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि अगर ’मुद्दा प्राइवेट प्रस्ताव’ के रूप में लाया गया तो वे इसे स्वीकार नहीं करेंगे। ’एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन (रजि.) के महासविच देवानंद शर्मा ने कहा कि कई बार पहले भी इस तरह के प्राइवेट प्रस्ताव पास किए गए, लेकिन कभी लागू नहीं हुए। जब तक कमिश्नर द्वारा प्रशासनिक आदेश जारी नहीं होता, तब तक हम अपनी हड़ताल जारी रखेंगे।

यूनियन ने दोहराया कि यह आंदोलन ’कर्मचारियों के हक और न्याय’ के लिए है, और जब तक वास्तविक समाधान नहीं निकलता, तब तक धरना जारी रहेगा। दिल्ली में डेंगू और मलेरिया के बढ़ते मामलों के बीच इन कर्मचारियों की हड़ताल से जन स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी असर पड़ रहा है। अब सबकी निगाहें एमसीडी प्रशासन पर टिकी हैं कि वह कर्मचारियों की जायज़ मांगों पर कब तक कोई ठोस कदम उठाता है।

Comments