निगम एमटीएस कर्मियों के साथ हो रहा है छल: नाजिया दानिश


निगम एमटीएस कर्मियों के साथ हो रहा है छल: नाजिया दानिश 

#कांग्रेस नेता नाजिया दानिश ने सदन में उठाया एमटीएस कर्मियों का मुद्दा
#एमटीएस कर्मियों पर राजनीति कर रहे हैं सभी दल: नाजिया दानिश का निगम सदन में तीखा हमला
#“महापौर ने कमेटी का झुनझुना पकड़ा दिया — न बीजेपी ने किया, न आप ने कुछ किया”

नई दिल्ली 

दिल्ली नगर निगम की सदन बैठक के दौरान आज कांग्रेस दल की नेता नाजिया दानिश ने एमटीएस कर्मियों के मुद्दे पर भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि एमटीएस कर्मचारियों के साथ हो रही राजनीति अब अपने चरम पर पहुंच चुकी है और निगम प्रशासन उनकी भावनाओं से खिलवाड़ कर रहा है। नाजिया दानिश ने सदन में कहा कि “एमटीएस कर्मियों को झांसे में लेने के लिए दिल्ली नगर निगम महापौर ने कमेटी बनाने का जो लॉलीपॉप दिया है, वह एक झुनझुने से ज़्यादा कुछ नहीं।” उन्होंने कहा कि जब वास्तविक समाधान की बात आती है तो सत्ता पक्ष “कमेटी” बनाकर समय काट देता है, लेकिन कर्मचारियों को उनका हक देने की नीयत किसी में नहीं दिखती।

नाजिया दानिश ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब राजनीतिक जवाबदेही की बात आई तो सत्तापक्ष ढाई साल का रोना रोने लगा, लेकिन यह भूल गया कि नगर निगम में पिछले कई वर्षों तक भाजपा की ही सरकार रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इतने वर्षों में भाजपा ने एमटीएस कर्मियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया तो अब अचानक यह “हमदर्दी” क्यों दिखाई जा रही है?

वहीं आम आदमी पार्टी पर भी उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि ढाई साल से निगम में आप की सत्ता है, अगर वाकई एमटीएस कर्मियों की चिंता होती तो उनकी मांगें अब तक पूरी हो जातीं। लेकिन किया कुछ नहीं — सिर्फ राजनीति की जा रही है।

नाजिया दानिश ने कहा कि निगम के हजारों एमटीएस कर्मचारी रोज़ाना दिल्ली की गलियों, अस्पतालों और विभागों में मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें स्थायीकरण, वेतन और सुविधा के नाम पर केवल वादे मिलते हैं।

नाजिया दानिश ने बताया कि एमटीएस कर्मचारी दिल्ली नगर निगम की रीढ़ हैं, उनकी समस्याओं को राजनीतिक मंच नहीं, प्रशासनिक समाधान की ज़रूरत है। अब समय है कि निगम नेतृत्व और सभी राजनीतिक दल मिलकर इन कर्मचारियों को उनका अधिकार दें, न कि उनके संघर्ष को राजनीतिक मुद्दा बनाएं।


Comments