दिल्ली के बेरोजगार बस मार्शलों ने चंदगीराम अखाड़े पर किया प्रदर्शन


दिल्ली के बेरोजगार बस मार्शलों ने चंदगीराम अखाड़े पर किया प्रदर्शन

#रोजगार दो या फिर दो मृत्यु का अधिकार 

नई दिल्ली

दिल्ली सिविल डिफेंस के पूर्व बेरोजगार बस मार्शलों ने अपने सुनिश्चित रोजगार की मांग को लेकर सोमवार को सुबह करीब 10 बजे चंदगीराम अखाड़ा, सिविल लाइंस पर प्रदर्शन किया। पूर्व मार्शल मुकेशपाल सिंह ने बताया कि यहां करीब 900 बेरोजगार बस मार्शलों ने लिखित उपस्थिति दर्ज कराई। ये सभी मार्शल एक ही मांग लेकर यहां पहुंचे थे कि हमें रोजगार दो या फिर मृत्यु का अधिकार। पूर्व मार्शल ने बताया कि धरना प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा था, लेकिन पुलिस प्रशासन ने छठ पर्व की सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए दोपहर 12 बजे सभी बस मार्शलों को स्थल से हटा दिया। हालांकि इससे पहले, पुलिस प्रशासन द्वारा रोजगार हेतु ज्ञापन और उपस्थिति सूची उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री आवास पर रिसीव कराई गई।
- दिन रात की कोरोना काल में सेवा
यहां इन मार्शलों ने कहा कि सरकार हमें नियमित और स्थायी रोजगार दे ताकि हमारे परिवार फिर से सम्मानपूर्वक जी सकें। यदि सरकार रोजगार देने में असमर्थ है, तो हमें मृत्यु का अधिकार दे दे, क्योंकि 8 से 10 साल सेवा करवाने के बाद हमें बेरोजगारी के अंधकार में धकेल दिया गया है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में दिन रात सेवा की और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बसों में ड्यूटी की, लेकिन अब उन्हीं को सरकार ने सड़क पर ला दिया।
- भाजपा नेताओं ने पूरा नहीं किया अपना वादा
इन मार्शलों ने भाजपा नेताओं पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली में भाजपा के सभी सांसदों और विधायकों ने विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि यदि भाजपा सरकार सत्ता में आती है तो 2 महीने के भीतर सभी बेरोजगार बस मार्शलों को स्थायी रोजगार दिया जाएगा। लेकिन अब तक भाजपा सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक नोटिफिकेशन या रोजगार बहाली आदेश जारी नहीं किया गया। इन मार्शलों ने कहा कि भाजपा के नेताओं के वादे अब खोखले साबित हो रहे हैं। हमने देश की बेटियों की सुरक्षा की, लेकिन हमारे घर आज भूख और निराशा से भरे हैं।

Comments