MCD सिविक सेंटर पर परिवार सहित ’काली दीपावली’ मनाएंगे हड़ताली MTS कर्मचारी
नई दिल्ली
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के मुख्यालय सिविक सेंटर के गेट नंबर- 5 पर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे जन स्वास्थ्य विभाग के एमटीएस कर्मियों ने परिवार सहित ’काली दीपावली’ मनाने का ऐलान किया है। ’एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन’ के महासचिव देवानंद शर्मा ने शनिवार को यह बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि अब यहां हड़ताल पर बैठे कर्मियों के बीवी बच्चे भी दीपावली पर रोटी और कपड़ा मांगते हैं। इसीलिए परिवार के अन्य सदस्य भी यहां आकर हड़ताल पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि अब हमारे बच्चों ने भी अपने माता-पिता के साथ अनिश्चित हड़ताल पर बैठने की कसम खा ली है। उन्होंने कहा कि अब निगम शासन-प्रशासन के निर्णय पर हम और हमारे परिवार की नजरें टिकी है।
यूनियन ने कहा कि यह ’काली दीपावली’ निगम प्रशासन की असंवेदनशीलता और वादाखिलाफी के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध होगी। बता दें कि दिल्ली नगर निगम के एमटीएस कर्मचारी लगातार ’20वें दिन’ भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए हैं। कर्मियों ने निगम के शासन और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वादा तो दीप जलाने का था, लेकिन हमारे घरों में अंधेरा कर दिया गया। यूनियन के बैनर तले चल रही यह हड़ताल 29 सितंबर से जारी है। कर्मियों का कहना है कि निगम की बेरुखी और प्रशासनिक लापरवाही के चलते उनके 5000 से अधिक परिवारों के घरों में आर्थिक संकट और निराशा का माहौल है।
- मांगे पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल
यूनियन का कहना है कि “हम दुखी जरूर हैं, लेकिन टूटे नहीं हैं। हमारा मनोबल पहले से और मजबूत हुआ है। निगम की बेरुखी से हम आहत हैं, पर लड़ाई जारी रहेगी। जब तक हमारे साथ इंसाफ नहीं होता, हड़ताल खत्म नहीं होगी।“ उन्होंने बताया कि हमारी मुख्य मांगें - पक्का करना, 30 वर्षों की सेवा का उचित मुआवजा और लाभ, काम के घंटों और वेतनमान में सुधार और प्रशासन के साथ पारदर्शी संवाद व्यवस्था हो।
Comments
Post a Comment