महापौर ने हड़ताली कर्मचारी को पिलाया जूस, समाप्त हुई हड़ताल’



’महापौर ने हड़ताली कर्मचारी को पिलाया जूस, समाप्त हुई हड़ताल’
- निगम ने छुट्टी और अनुकंपा नियुक्ति की मांग मानी

 नई दिल्ली

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) मुख्यालय पर लगभग एक माह से चल रही दिल्ली नगर निगम के जन स्वास्थ्य विभाग के एमटीएस (मल्टी टास्किंग स्टाफ) कर्मियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुक्रवार को समाप्त हो गई। सदन द्वारा गठित नौ सदस्यीय समिति की बैठक में बनी सहमति के बाद महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने हड़ताली कर्मचारी को जूस पिलाया और इसके बाद एंटी मलेरिया एकता कर्मचारी यूनियन ने हड़ताल समाप्ति की घोषणा की। यूनियन के महासचिव देवानंद शर्मा ने बताया कि निगम मुख्यालय में शुक्रवार को समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें एमटीएस कर्मियों की प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। बता दें कि तीन निगमों के एकीकरण के बाद भी इन कर्मियों की कई मांगें थीं, जिसमें वेतन विसंगतियों को दूर करना, कर्मियों को नियमित करना और निगम में छुट्टियां और अनुकंपा आधार पर नियुक्ति की मांग शामिल थीं।
- मांगों पर विस्तृत चर्चा की और गंभीरता से सुना
महापौर ने कहा कि एमटीएस (पीएच) अनुबंधित कर्मियों की मांगों के समाधान हेतु नगर निगम ने 10 सदस्यीय समिति का गठन किया था। इस समिति ने कर्मियों के प्रतिनिधियों से विस्तृत चर्चा की और उनकी समस्याओं व मांगों को गंभीरता से सुना। समिति ने यह आश्वासन दिया है कि कर्मियों की सभी वैध और उचित मांगों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

- अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के दिए निर्देश  
महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने बताया कि इस समिति में नेता सदन प्रवेश वाही, पर्यावरण प्रबंधन सेवाएँ समिति के अध्यक्ष संदीप कपूर, स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष मनीष चड्ढा, मलेरिया समिति की अध्यक्ष नीता बिष्ट ने हड़ताल पर बैठे कर्मियों के साथ बैठक कर उनके साथ समन्वय स्थापित किया और हड़ताल ख़त्म करवाने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि समिति की रिपोर्ट के अनुसार निगम अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

- 29 सितंबर 2025 से निगम मुख्यालय पर जारी थी हड़ताल
बता दें कि एमटीएस कर्मचारी 29 सितंबर 2025 से निगम मुख्यालय के गेट नंबर 5 के बाहर अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे थे। गुरुवार को पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को हटाया था, जिसके बाद शुक्रवार सुबह कर्मचारी दोबारा एकत्र हुए। पुलिस ने उन्हें रामलीला मैदान में स्थानांतरित किया, जहां बाद में हुई समिति बैठक में समाधान का रास्ता निकला है।


Comments