वर्षों से ठप पड़े कार्य अब दोबारा पकड़ रहे हैं गति: रेखा गुप्ता


वर्षों से ठप पड़े कार्य अब दोबारा पकड़ रहे हैं गति: रेखा गुप्ता
- शालीमार बाग: विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत की

 नई दिल्ली

वर्षों से ठप पड़े कार्य अब दोबारा गति पकड़ रहे हैं, और दिल्ली एक बार फिर अपने विकास पथ पर आगे बढ़ रही है। सरकार का लक्ष्य है कि राजधानी का प्रत्येक क्षेत्र मजबूत बुनियादी सुविधाओं और विश्वसनीय इंफ्रास्ट्रक्चर से सुसज्जित हो। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के उद्घाटन के दौरान यह संबोधन दिया। उन्होंने कहा कि शालीमार बाग ही नहीं, बल्कि पूरे दिल्ली में विकास कार्य युद्धस्तर पर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। 

इस अवसर पर उन्होंने ‘अटल कैंटीन योजना’ के निर्माण स्थल का भी निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली के प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सम्मानजनक और खुशहाल जीवन प्रदान करने के लिए पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रही है।

- सड़क विस्तार कार्य पूरा होने पर जाम से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शालीमार गांव के चैक पर सड़क विस्तार कार्य का भी जायजा लिया और सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना को शीघ्रता से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क विस्तार कार्य पूरा होने पर क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से जारी जाम की समस्या से राहत मिलेगी और दैनिक आवागमन अधिक सुगम, सुरक्षित और समयबद्ध होगा। मुख्यमंत्री ने शालीमार बाग विधानसभा के हैदरपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन ‘अटल कैंटीन’ का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि यह योजना गरीब, श्रमिकों और आम नागरिकों के जीवन में सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

- आगामी दो वर्षों में आयुर्वेदिक अस्पताल पूरी तरह संचालित हो जाएगा
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने पांच वर्षों से अधूरे पड़े जे.जे. क्लस्टर आयुर्वेदिक अस्पताल के संबंध में भी स्थानीय निवासियों को आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि पिछली सरकार द्वारा उपेक्षित इस परियोजना को अब प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो वर्षों के भीतर यह अस्पताल पूरी तरह संचालित हो जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।

Comments