- पीएम किसान सम्मान निधि पर किसान गोष्ठी का हुआ आयोजन
नई दिल्ली
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में छोटे और सीमांत किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से समय पर आर्थिक सहायता सुनिश्चित हुई है। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) द्वारा बुधवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 21वीं किस्त के वितरण के उपलक्ष्य में आयोजित एक किसान गोष्ठी के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने यह बात कही। उन्होंने कृषि उन्नति में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के महत्वपूर्ण योगदान की प्रशंसा की।
आईएआरआई से मिली जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम में किसानों, नीति-निर्माताओं, वैज्ञानिकों तथा वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। गोष्ठी का उद्देश्य नवीन कृषि प्रौद्योगिकियों, किसान कल्याण कार्यक्रमों तथा राष्ट्रीय स्तर पर चल रही कृषि पहल को किसानों तक पहुँचाना था। कार्यक्रम के प्रारंभ में आईएआरआई संयुक्त निदेशक (विस्तार) डॉ. आर. एन. पडारिया ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया और किसानों को सशक्त बनाने में आईएआरआई की भूमिका, वैज्ञानिक हस्तक्षेपों तथा प्रौद्योगिकी प्रसार के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, दूसरी तरफ दिल्ली के कृषि विज्ञान केंद्र में अध्यक्ष डॉ. डी. के. राणा ने बताया कि पी.एम. किसान सम्मान निधि योजना का कृषि विज्ञान केंद्र के परिसर में सीधा प्रसारण (वर्चुअल) रुप से सीधा प्रसारण किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि सम्यक जैन, एसडीएम, नजफगढ़, एवं नजफगढ़ जोन में उपाध्यक्ष देवेंद्र डबास आदि उपस्थित हुए और संबोधित किया। कार्यक्रम के क्रम में प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी की, जिसके तहत देशभर के 9 करोड़ से अधिक किसानों को 18 हजार करोड़ सीधे उनके बैंक खातों में हस्तांतरित किए गए। भारत सरकार के कृषि कल्याण मंत्रालय के पक्के इरादों के साथ करोडों किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। इस कार्यक्रम में दिल्ली देहात के 317 प्रगतिशील कृषक एवं महिला कृषकों ने भागीदारी की।
Comments
Post a Comment