पत्रकारिता मात्र एक पेशा नहीं, बल्कि है एक उच्चतम लोकसेवा : रेखा गुप्ता


पत्रकारिता मात्र एक पेशा नहीं, बल्कि है एक उच्चतम लोकसेवा : रेखा गुप्ता
- राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी शुभकामनाएं

 नई दिल्ली

पत्रकारिता मात्र एक पेशा नहीं, बल्कि एक उच्चतम लोकसेवा है जो साहस, निष्ठा, निरंतरता और मूल्यों के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की अपेक्षा करती है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सभी पत्रकारों, मीडिया कर्मियों और प्रेस जगत से जुड़े साथियों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सूचना के युग में पत्रकार दिन-रात प्रयास कर समाज तक सटीक, संतुलित और विश्वसनीय जानकारी पहुंचाने का कार्य करते हैं और यही समर्पण लोकतंत्र को जीवंत और जन-केंद्रित बनाता है। मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि स्वतंत्र, निर्भीक और निष्पक्ष पत्रकारिता किसी भी लोकतंत्र की सबसे मज़बूत आधारशिला है। मीडिया समाज की आवाज़ बनकर जनहित के मुद्दों को सामने लाने, शासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को जवाबदेह बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

- भ्रामक सूचनाओं का प्रसार एक गंभीर चुनौती
मुख्यमंत्री रेखा ने कहा कि आज के समय में दुष्प्रचार, अफवाह और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार एक गंभीर चुनौती बन चुका है। ऐसे में मीडिया की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि सूचनाओं की तथ्यात्मक सत्यता पर विशेष ध्यान देते हुए पत्रकारिता की सर्वोच्च मान्यताओं को आगे बढ़ाया जाए और समाज को सही, स्पष्ट और भरोसेमंद दिशा प्रदान की जाए।

- संवादशील समाज के निर्माण में मीडिया की भूमिका अद्वितीय
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि एक सशक्त, जागरूक और संवादशील समाज के निर्माण में मीडिया की भूमिका अद्वितीय है। पत्रकारिता लोकतंत्र की वह शक्ति है जो जनभावनाओं को दिशा देती है और शासन तथा समाज के बीच एक सार्थक सेतु की भूमिका अदा करती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मीडिया जगत भविष्य में भी इसी समर्पण, संवेदनशीलता और पेशेवर निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करता रहेगा।

Comments