ड्रोन से मच्छरों पर वार: दिल्ली नगर निगम की नई पहल
उपमहापौर जयभगवान यादव ने यमुना तटवर्ती क्षेत्र में कीटनाशक छिड़काव अभियान का किया शुभारंभ
नई दिल्ली, 12 नवम्बर 2025।
दिल्ली में मच्छर जनित बीमारियों से बचाव के लिए दिल्ली नगर निगम ने एक नई तकनीकी पहल की शुरुआत हुई है। उपमहापौर जयभगवान यादव ने बुधवार को यमुना बैंक स्थित यमुना नदी के तटवर्ती बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करवाया। इस मौके पर शाहदरा दक्षिणी जोन वार्ड समिति के अध्यक्ष राम किशोर शर्मा, उपाध्यक्ष राजू सचदेवा, जनस्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, डीएचओ डॉ अजय कुमार हांडा और निगम कर्मी मौजूद रहे।
उपमहापौर यादव ने कहा कि दिल्ली नगर निगम का लक्ष्य नागरिकों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि यमुना के किनारों पर मच्छरों के प्रजनन की संभावना अधिक रहती है, जिससे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।
उप महापौर ने कहा कि ड्रोन तकनीक के माध्यम से कीटनाशक का छिड़काव एक आधुनिक और कारगर उपाय है। इससे बड़े और दुर्गम क्षेत्रों में बहुत कम समय में प्रभावी छिड़काव संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली नगर निगम पूरी दिल्ली के दुर्गम इलाकों में भी ड्रोन तकनीक से छिड़काव करेगा, ताकि पारंपरिक तरीकों से वंचित क्षेत्रों को भी कवर किया जा सके।
उपमहापौर ने बताया कि यह पहल मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम में एक बड़ी तकनीकी क्रांति साबित होगी। इसके जरिए न सिर्फ समय और श्रम की बचत होगी, बल्कि परिणाम भी अधिक प्रभावी और व्यापक होंगे। उप महापौर ने कहा कि हमें विश्वास है कि इस मुहिम से डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के प्रसार को रोकने में बड़ी सफलता मिलेगी। जनता का सहयोग इस अभियान को और मजबूत बनाएगा। दिल्ली नगर निगम का यह प्रयास राजधानी में सार्वजनिक स्वास्थ्य की दिशा में एक अभिनव कदम माना जा रहा है, जो आधुनिक तकनीक को जनहित के साथ जोड़ने का उदाहरण पेश करता है।
Comments
Post a Comment