क्लस्टर बस कंडक्टरों ने तीन डिपो में शुरू की हड़ताल

क्लस्टर बस कंडक्टरों ने तीन डिपो में शुरू की हड़ताल

#दो महीने से वेतन नहीं, आज ओखला, कैर और कुशक नाला डिपो में सेवा ठप

#दिल्ली में बस सेवाएं प्रभावित, कर्मचारियों ने वेतन जारी होने तक काम पर लौटने से किया इंकार

नई दिल्ली 

दिल्ली में शुक्रवार सुबह सार्वजनिक बस सेवाएं बुरी तरह प्रभावित रहीं, क्योंकि क्लस्टर बसों के कंडक्टरों ने पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने के विरोध में हड़ताल कर दी। ओखला, कैर और कुशक नाला डिपो के सैकड़ों कंडक्टरों ने आरोप लगाया कि उन्हें सितंबर और अक्टूबर महीने का वेतन अभी तक जारी नहीं किया गया है, जिसके चलते वे आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों ने सुबह से ही डिपो पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद न तो ऑपरेटर कंपनी और न ही संबंधित विभाग ने उनकी समस्या पर ध्यान दिया।हड़ताल जारी रहने पर राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और प्रभावित हो सकती है।

एक कंडक्टर ने बताया कि रोज़मर्रा का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है—“हम घर कैसे चलाएं? दो महीने से वेतन नहीं मिला। मजबूरी में हड़ताल करनी पड़ी।” हड़ताल के कारण कई रूटों पर बसों की संख्या कम हो गई, जिससे ऑफिस और स्कूल जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने कहा कि बिना पूर्व सूचना के बस सेवाएं बाधित होने से समय पर गंतव्य तक पहुंचना मुश्किल हो गया।

कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक लंबित वेतन जारी नहीं किया जाता, वे ड्यूटी पर वापस नहीं लौटेंगे। उधर, परिवहन विभाग ने स्थिति को सामान्य करने के लिए ऑपरेटर कंपनियों से रिपोर्ट मांगी है और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।


Comments