नरेला ज़ोन में चला बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान, फुटपाथ व सड़कें खाली कराई गईं


नरेला ज़ोन में चला बड़ा अतिक्रमण विरोधी अभियान, फुटपाथ व सड़कें खाली कराई गईं

- उपायुक्त राजीव सिंह के निर्देशन में कार्रवाई, कई दुकानों के सामने फुटपाथ व सड़क पर रखा सामान जब्त
- जनता को राहत, अभियान आगे भी जारी रहेगा

नई दिल्ली

दिल्ली नगर निगम के नरेला ज़ोन में शुक्रवार को सड़क और फुटपाथ पर फैल रहे अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। ज़ोन के उपायुक्त राजीव सिंह और सहायक उपायुक्त जय प्रकाश के नेतृत्व में नरेला थाना से लेकर बवाना वाई प्वाइंट तक चलाए गए इस अभियान के दौरान इलाके की प्रमुख सड़कों पर अवैध रूप से रखे गए ठेले, दुकानें बढ़ाने के लिए रखे गए शेड, बेंच, सामान और अन्य अवरोध हटाए गए। कई जगहों से कब्जा किया गया सामान जब्त कर निगम के स्टोर में जमा कराया गया।

दिल्ली नगर निगम की सामान्य शाखा ने दिल्ली यातायात पुलिस और क्षेत्रीय पुलिस के साथ  मौके पर व्यापारियों और राहगीरों को भी समझाया कि फुटपाथ और सड़कें आम जनता की सुविधा के लिए हैं, इन्हें कब्ज़ा कर लेना न केवल नियमों के खिलाफ है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं और जाम की बड़ी वजह भी बनता है।

उपायुक्त राजीव सिंह ने स्पष्ट कहा कि यह कार्रवाई एक संदेश है कि नरेला ज़ोन में अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि, “भविष्य में भी इसी प्रकार के अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे, ताकि आम लोगों को सुरक्षित और सुगम रास्ते मिल सकें।”

स्थानीय लोगों ने निगम की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि लंबे समय से सड़कें सिकुड़ चुकी थीं और पैदल चलना मुश्किल हो गया था। अभियान के बाद सड़क और फुटपाथ दोनों पर राहत महसूस की जा रही है। साथ हु स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ जागरूक नागरिक समय समय पर जब जनता से जुड़ी समस्याएं सोशल मीडिया पर साझा करते हैं तब सरकारी सिस्टम एक्शन करता है।

Comments