तिमारपुर में लगा नि:शुल्क मोतियाबिंद जाँच शिविर
विधायक सूर्य प्रकाश खत्री के जन्मदिन पर स्वास्थ्य सेवा की मिसाल
नई दिल्ली / तिमारपुर
जनसेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करते हुए तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सूर्य प्रकाश खत्री के जन्मदिन के अवसर पर क्षेत्रवासियों को एक बड़ी स्वास्थ्य सौगात मिली। ज़म ज़म फाउंडेशन के तत्वावधान में इन्द्रा बस्ती स्थित बस्ती विकास केन्द्र पर डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल के सहयोग से नि:शुल्क मोतियाबिंद जाँच शिविर का आयोजन किया गया।
तिमारपुर में लगा नि:शुल्क मोतियाबिंद जाँच शिविर
शिविर में लगभग 100 लोगों की नि:शुल्क आँखों की जाँच की गई, जिनमें से 15 जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया। इन मरीजों को एक दिन बाद रोटरी–डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई क्लिनिक, करोल बाग में ऑपरेशन हेतु बुलाया गया है। इसके अलावा शिविर में लोगों को रियायती दरों पर नज़र के चश्मे भी उपलब्ध कराए गए।
इस अवसर पर विधायक श्री सूर्य प्रकाश खत्री ने कहा कि "आँखें कुदरत की सबसे बड़ी नेमत हैं। विशेषकर बुजुर्गों की आँखों की समय पर देखभाल बेहद जरूरी है, ताकि मोतियाबिंद जैसी बीमारी से उनकी रोशनी बचाई जा सके। मेरा संकल्प है कि तिमारपुर विधानसभा क्षेत्र मोतियाबिंद मुक्त बने। इसके लिए समय-समय पर ऐसे नि:शुल्क जाँच शिविर लगाए जाते रहेंगे, ताकि गरीब और जरूरतमंद परिवारों को इलाज के लिए भटकना न पड़े।"
विधायक खत्री ने शिविर में पहुँची रोटरी–डॉ. श्रॉफ चैरिटी आई क्लिनिक, करोल बाग की मेडिकल टीम का स्वागत कर उनके योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में ज़म ज़म फाउंडेशन के अध्यक्ष शमीम अहमद खान, उपाध्यक्ष ममता आनंद, सचिव मोहम्मद क़ादिर सहित नीलू सोनकर, दिनेश सोनकर, मोहम्मद क़ामिल, एडवोकेट अमित आनंद, मनोज कुमार, विकास कुमार, प्रेम चंद, आरती समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
स्थानीय लोगों ने विधायक एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे शिविर न केवल बीमारियों की समय रहते पहचान करते हैं, बल्कि गरीब और बुजुर्ग लोगों के जीवन में नई रोशनी भी लाते हैं। जनहित में उठाया गया यह कदम स्वास्थ्य सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।
Comments
Post a Comment