खेल जीवन में अनुशासन, आत्मसंयम और मेहनत सिखाते हैं : दिनेश भारद्वाज


खेल जीवन में अनुशासन, आत्मसंयम और मेहनत सिखाते हैं : भारद्वाज
- निगम पार्षद ने स्कूली बच्चों को दी खेलों की जानकारी  
- धूमधाम से मनाया गया आर.के. इंटरनेशनल स्कूल का वार्षिक खेल दिवस ‘अभ्युदय 4.0’

नई दिल्ली, 15 दिसंबर 2025  

खेल जीवन में अनुशासन, आत्मसंयम और मेहनत सिखाते हैं। खेलों के माध्यम से विद्यार्थी न केवल शारीरिक रूप से मजबूत बनते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त होते हैं। दिल्ली नगर निगम के बांकनेर वार्ड से निगम पार्षद, भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित दिनेश भारद्वाज ने बतौर मुख्य अतिथि आर.के. इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक खेल दिवस ‘अभ्युदय 4.0’ के आयोजन पर यह बाते स्कूली बच्चों को कही। इस मौके पर उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया और खेलों की जानकारी भी दी। खेल दिवस का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, जोश और भव्यता के साथ किया गया। विद्यालय परिसर खेल भावना, अनुशासन और उत्साह से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
    


कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन नरेंद्र कृष्ण शर्मा, मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता शर्मा, डायरेक्टर आकाश शर्मा, ऐश्वर्या शर्मा, मैनेजमेंट कमेटी की सदस्य शिल्पी शर्मा एवं प्रिंसिपल निधि नेहरा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर चेयरमैन नरेंद्र कृष्ण शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल बच्चों के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है, जो विद्यार्थियों को जीवन की हर चुनौती के लिए तैयार करता है।
वहीं, मैनेजिंग डायरेक्टर सुनीता शर्मा ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का मजबूत आधार हैं। खेलों से आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। खेल दिवस के दौरान मार्च पास्ट, ट्रैक एवं फील्ड इवेंट्स सहित अनेक रोचक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।

Comments