भलस्वा लैंडफिल पर बायोमाइनिंग कार्य में तेजी लाने के निर्देश, एमसीडी आयुक्त ने किया निरीक्षण
नई दिल्ली।
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आयुक्त संजीव खिरवार ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भलस्वा लैंडफिल साइट का दौरा कर बायोमाइनिंग कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों और एजेंसियों को बायोमाइनिंग प्रक्रिया में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। आयुक्त ने कहा कि भलस्वा जैसे बड़े लैंडफिल स्थलों पर जमा विरासत कचरे का शीघ्र निस्तारण एमसीडी की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रतिदिन कचरा प्रोसेसिंग की क्षमता बढ़ाने, मशीनरी के बेहतर उपयोग और कार्य के हर चरण की नियमित एवं सख्त निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने आयुक्त को बायोमाइनिंग कार्य की वर्तमान स्थिति, दैनिक निस्तारण क्षमता और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और तय समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करना अनिवार्य है।
यह निरीक्षण दिल्ली को कचरा मुक्त और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में एमसीडी की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। बायोमाइनिंग कार्य के पूरा होने से न केवल लैंडफिल का बोझ कम होगा, बल्कि क्षेत्र के पर्यावरण और नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
Comments
Post a Comment