दिल्ली नगर निगम ने 449 अवैध प्रचार सामग्री पर की कार्रवाई

दिल्ली नगर निगम ने 449 अवैध प्रचार सामग्री पर की कार्रवाई 
- ऐसे ही होता रहा एक्शन तो निगम का राजस्व होगा कई गुणा
- करीब 41 दिन में 449 अवैध होर्डिंग व बोर्ड हटाए

 नई दिल्ली

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में विज्ञापन विभाग की राजस्व अर्जित करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वित्तीय वर्ष 2026-2027 की बजट प्रक्रिया के दौरान भी विशेष बजट बैठकों में कई निगम पार्षदों ने विज्ञापन से होने वाली आमदनी को लेकर बेहतरीन सुझाव दिए हैं। कई पार्षदों ने कहा कि निगम प्रशासन यदि अवैध प्रचार सामग्री पर नियमानुसार एक्शन करे तो निगम की आय कई गुणा बढ़ सकती है। वहीं, बता दें कि गत वित्तीय वर्ष निगम ने विज्ञापनों से 450 करोड़ रुपए की आय लक्ष्य रखा था और गत माह नए आयुक्त संजीव खिरवार ने पद संभाला है। राजस्व मामले में देखा जाए तो निगम प्रशासन ने अब अवैध प्रचार सामग्री पर एक्शन लेना शुरू कर दिया है। निगम से मिली जानकारी के अनुसार 1 जनवरी 2026 से 11 फरवरी 2026 तक करीब 41 दिनों में राजधानी दिल्ली के विभिन्न जोनों में अवैध होर्डिंग, बैनर, राजनीतिक व धार्मिक बोर्ड, सनपैक शीट्स और अनधिकृत पोल कियोस्क के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया है। इस कार्रवाई के तहत अब तक कुल 449 अवैध बोर्ड/होर्डिंग हटाए गए तथा 55 अवैध संरचनाएं हटाई गईं। एमसीडी अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान राजधानी को अवैध विज्ञापनों और अतिक्रमण से मुक्त करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आगे भी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। 

- नजफगढ़ जोन में सबसे बड़ी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार नजफगढ़ जोन में 19 जनवरी और 10 फरवरी को बड़ी कार्रवाई की गई। 10 फरवरी को ही 50 अवैध बोर्ड हटाए गए और 30 संरचनाएं ध्वस्त की गईं। यह अब तक की सबसे बड़ी एकल कार्रवाई मानी जा रही है। वहीं, करोल बाग जोन में 5, 12, 20 जनवरी और 9 फरवरी को विशेष अभियान चलाते हुए यहां से 87 अनधिकृत पोल कियोस्क, बैनर, होर्डिंग और सनपैक शीट्स हटाई गईं। साथ ही 20 अवैध संरचनाएं हटाई गईं।

- रोहिणी, केशव पुरम और सिटी एसपी जोन में भी सख्ती
रोहिणी जोन में 6 और 21 जनवरी को अभियान चलाकर 45 से अधिक अवैध बोर्ड हटाए गए। केशव पुरम जोन में 13 और 20 जनवरी को कुल 41 अवैध होर्डिंग/बैनर हटाए गए। सिटी एसपी जोन में 5 जनवरी को 20 अवैध बैनर व पोल कियोस्क हटाए गए। सिविल लाइन जोन में 21 जनवरी को 18 अवैध बैनर व पोल कियोस्क हटाए गए।

- शाहदरा व वेस्ट जोन में लगातार अभियान
शाहदरा साउथ में 1, 8 और 24 जनवरी को कार्रवाई करते हुए 36 अवैध बोर्ड हटाए गए। शाहदरा नॉर्थ में 22 जनवरी को 17 अवैध होर्डिंग हटाए गए।
वेस्ट जोन में 21, 23 और 28 जनवरी को संयुक्त अभियान चलाकर 41 अनधिकृत बोर्ड और सनपैक शीट्स हटाई गईं। सेंट्रल जोन में 5 और 10 जनवरी को कुल 38 अवैध होर्डिंग हटाए गए। नरेला जोन में 1 और 29 जनवरी को अभियान चलाकर 36 अवैध बोर्ड हटाए गए।

Comments