विकसित कृषि-आत्मनिर्भर भारत“ विषय पर आयोजित होगा पूसा कृषि विज्ञान मेला’


’विकसित कृषि-आत्मनिर्भर भारत“ विषय पर आयोजित होगा पूसा कृषि विज्ञान मेला’
- मेले में होंगी उन्नत किस्में, जलवायु स्मार्ट तकनीक और पूसा बीजों के जीवंत प्रदर्शन

 नई दिल्ली

देश के प्रसिद्ध पूसा कृषि विज्ञान मेला 2026 का आयोजन 25 से 27 फरवरी तक पूसा परिसर स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। मेले का उद्घाटन कल, 25 फरवरी को सुबह करीब 10ः30 बजे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। आईसीएआर-भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) के निदेशक डॉ. सीएच श्रीनिवास राव ने सोमवार को प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। डेयर के सचिव एवं आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट विशिष्ट अतिथि रहेंगे। आईएआरआई के निदेशक डॉ. सीएच श्रीनिवास राव ने बताया कि इस वर्ष मेले की थीम “विकसित कृषि - आत्मनिर्भर भारत” है, जो किसानों की आजीविका सुदृढ़ करने तथा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने हेतु सतत, जलवायु-अनुकूल एवं आय-केंद्रित कृषि विकास पर जोर देती है। ’लैब से लैंड तक विषय के अंतर्गत मेले में उन्नत किस्में, जलवायु स्मार्ट तकनीक और पूसा बीजों के जीवंत प्रदर्शन किया जाएगा।
     निदेशक डॉ राव ने बताया कि पूसा कृषि विज्ञान मेला एक प्रमुख राष्ट्रीय मंच है, जो उन्नत फसल किस्मों, जलवायु-स्मार्ट तकनीकों, सटीक खेती उपकरणों, जल-संरक्षण समाधान, प्राकृतिक एवं जैविक खेती मॉडलों तथा डिजिटल कृषि नवाचारों के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान और किसानों के खेतों के बीच सेतु का कार्य करता है। मेले में देशभर से आने वाले एक लाख से अधिक किसान वैज्ञानिकों एवं विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी क्षेत्र-विशिष्ट कृषि समस्याओं के समाधान प्राप्त कर सकेंगे।

Comments