मानसून से पहले एक्शन मोड में एमसीडी: महापौर
#25 हजार मैट्रिक टन से अधिक गाद निकाली
#महापौर बोले—जलभराव रोकने को विशेष योजना, संवेदनशील स्थलों पर पंप की रहेगी व्यवस्था
नई दिल्ली।
राजधानी में आगामी मानसून को देखते हुए दिल्ली नगर निगम ने नालों की व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया है। महापौर सरदार राजा इक़बाल सिंह ने शनिवार को जानकारी दी कि निर्धारित समय-सीमा से पहले सभी नालों की सफाई पूरी कर ली जाएगी, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
महापौर के अनुसार, निगम के अधिकार क्षेत्र में 4 फुट से कम गहराई वाले कुल 12,892 नाले हैं, जिनकी कुल लंबाई 6,069.88 किलोमीटर है। जनवरी 2026 से अब तक इन नालों से 8,047 मैट्रिक टन गाद निकाली जा चुकी है। वहीं 4 फुट से अधिक गहराई वाले 800 बड़े नालों (कुल लंबाई 530.82 किलोमीटर) से 16,966 मैट्रिक टन गाद हटाई गई है। इस प्रकार अब तक कुल 25,000 मैट्रिक टन से अधिक गाद निकालकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया गया है। उन्होंने बताया कि बड़े नालों की व्यापक सफाई के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और प्रक्रिया पूर्ण होते ही कार्य को और तेज़ किया जाएगा। अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ समय से पहले पूरे हों।
महापौर ने कहा कि जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों की पहचान कर विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। आवश्यकता अनुसार पंपों की तैनाती की जाएगी, ताकि वर्षा के दौरान पानी जमा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि “ट्रिपल इंजन” सरकार के समन्वित प्रयासों से दिल्ली को देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। दिल्ली सरकार और निगम के बीच पूर्ण तालमेल के साथ कार्य हो रहा है।
अंत में महापौर ने नागरिकों से अपील की कि वे नालों में कूड़ा-कचरा न डालें और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि मानसून के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे और राजधानी जलभराव की समस्या से मुक्त रह सके।
Comments
Post a Comment